Last Updated:
Nainital Latest News: नैनीताल में बुधवार को अचानक मौसम बदल गया, दिन में अंधेरा छा गया और तेज बारिश हुई. तापमान गिरकर 16 डिग्री हो गया. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे बारिश का अलर्ट जारी किया है.
नैनीताल में बुधवार को हुई तेज बारिश
हाइलाइट्स
- नैनीताल में अचानक मौसम बदलने से दिन में अंधेरा छा गया.
- तेज बारिश और ठंड ने जनजीवन प्रभावित किया.
- अगले 48 घंटों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना.
नैनीताल: उत्तराखंड के प्रसिद्ध हिल स्टेशन नैनीताल में मौसम ने बुधवार को अचानक करवट ले ली. दोपहर के समय ऐसा नज़ारा देखने को मिला, जब दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया. घने बादलों ने सूरज की रोशनी को पूरी तरह ढक लिया और देखते ही देखते तेज़ बारिश शुरू हो गई. गरज-चमक के साथ बदले इस मौसम ने न केवल स्थानीय लोगों को चौंका दिया, बल्कि यहां घूमने आए सैलानियों को भी रोमांचित कर दिया.
दिन में छा गया अंधेरा
बुधवार की सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए हुए थे, लेकिन दोपहर होते-होते बादल घने होने लगे. थोड़ी ही देर में पूरे शहर में अंधेरा छा गया और तेज बारिश शुरू हो गई. करीब तीन बजे के आसपास स्थिति ऐसी हो गई कि वाहन चालकों को दिन में ही गाड़ियों की हेडलाइट्स जलानी पड़ीं. बारिश का यह सिलसिला शाम तक रुक-रुक कर जारी रहा. इस दौरान तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे मई के महीने में ही ठिठुरन जैसी स्थिति बन गई.
अगले 48 घंटे के लिए मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है. नैनीताल में अचानक तापमान गिरकर 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे गर्मी के बीच सर्दी जैसा एहसास होने लगा है.
बारिश ने बढ़ाई चिंता
बारिश के कारण स्थानीय जनजीवन भी प्रभावित हुआ है. बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा, और स्कूलों में छुट्टी के बाद बच्चों को बारिश में भीगते हुए घर लौटते देखा गया. सैलानी भी तेज बारिश के कारण होटल और शेल्टर में ठहरने को मजबूर हो गए, हालांकि कुछ पर्यटक झील किनारे बारिश का आनंद लेते नजर आए.
मौसम के इस बदले मिज़ाज ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है. बेमौसम बारिश का असर खेती पर पड़ सकता है, खासकर उन फसलों पर जो इस समय पकने की अवस्था में हैं.
