प्रदेश के स्कूलों में तंबाकू नियंत्रण पर शिक्षा विभाग सख्त, अब बनाई कमेटी
ब्यूरो/नवज्योति, जयपुर। प्रदेश के स्कूलों में तंबाकू नियंत्रण को लेकर शिक्षा विभाग सख्त है। जो इसकी पालना नहीं करेगा उस पर विभाग कार्रवाई करेगा। अभिभावक संघ बोल रहे है कि विभाग के अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रहे और तंबाकू नियंत्रण की कमेटी में बिना अभिभावकों के कैसे बेहतर काम हो सकता है। दरअसल विद्यार्थियों के किए जा रहे तंबाकू सेवन पर नियंत्रण को लेकर शिक्षा विभाग ने यह कवायद की है और प्रदेश के 70 हजार स्कूलों में तंबाकू नियंत्रण कमेटी गठित करने की घोषणा की है। इस पर संयुक्त अभिभावक संघ ने कहा कि विभाग जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रहा है और तंबाकू मुक्त स्कूल का ढिंढोरा पीटने के लिए बिना अभिभावक कमेटी गठन कर रहा है। स्कूलों, स्कूलों के आसपास और 18 साल से कम उम्र के बच्चों को तंबाकू नहीं बेचने का कानून पहले से ही राज्य में लागू है। इसके बावजूद खुलेआम स्कूलों के बाहर 18 साल से कम उम्र के बच्चों को तंबाकू बेचा रहा है। संयुक्त अभिभावक संघ ना केवल शिक्षा विभाग में बल्कि राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग तक में अनगिनत बार लिखित शिकायत दर्ज करवा चुका है इसके बाद भी आज तक कार्रवाई नहीं हुई है।
तंबाकू मुक्त रहना चाहिए
प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक जैन ने कहा कि विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए प्रदेशभर के सभी स्कूलों को तंबाकू मुक्त रहना चाहिए। साथ ही स्कूलों के बाहर सख्त कानून लागू किया जाए और स्कूल परिसर के 500 मी. दायरे में सभी प्रकार के तंबाकू बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगा दी जाए तो विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से बचाया जा सकता है, किंतु शिक्षा विभाग केवल अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ कर बिना अभिभावक तंबाकू नियंत्रण कमेटी बना केवल स्कूलों का मुनाफा बढ़ाने का कानून बना रहे हैं।
हो कानूनी कार्रवाई
प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने कहा कि सत्ता परिवर्तन होते ही हर सरकार में पुराने कानूनों को छुपा दिया जाता है और वाहवाही लूटने और पब्लिक सिटी पाने के लिए नए कानूनों को थोप दिया जाता है। बच्चों में तंबाकू नियंत्रण को लेकर पहले से ही कानून बना हुआ है उसकी पालना तो शिक्षा विभाग से नहीं हो रही है और अब नया प्रोपोगंडा लेकर आ गए है, बेहतर होगा शिक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी कार्यालयों से बाहर निकले और तंबाकू नियंत्रण को लेकर बने कानूनों की पालना सुनिश्चित करवाते हुए स्कूलों के बाहर खुलेआम बिक रहे तंबाकू बिकी पर रोक लगाएं।