बाबा के बोल पर बवाल: हिजाब पर टिप्पणी को लेकर छात्राओं का प्रदर्शन

नवज्योति,जयपुर। गंगापोल स्थित सरकारी स्कूल में 27 जनवरी को एक कार्यक्रम में हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य की हिजाब पर टिप्पणी करने के मामले में एक समुदाय की छात्राओं ने सोमवार सुबह सुभाष चौक सर्किल पर प्रदर्शन करते हुए विधायक द्वारा माफी मांगने और मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

जानकारी के अनुसार स्कूल के कार्यक्रम में हवामहल विधायक बतौर अतिथि गए थे। छात्राओं ने विधायक पर हिजाब को लेकर टिप्पणी करने के आरोप लगाए। विधायक की टिप्पणी सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गई। जिसके बाद सोमवार सुबह स्कूल खुलने पर छात्राएं नारेबाजी करती हुई सुभाष चौक थाने पहुंच गई। उनके साथ ही काफी संख्या में महिलाएं भी वहां पहुंची। भीड़ को देखकर मौके पर आस-पास की थाना पुलिस पहुंची और बैरिकेड्स लगाकर यातायात डायवर्ट किया। 

स्कूलों में एक ड्रैस कोड होता है। मेरे भाषण को देखा जा सकता है। मैंने स्कूल की बच्चियों को कुछ नहीं कहा। केवल प्रिसिंपल से पूछा था कि क्या स्कूल में दो तरह का ड्रेस कोर्ड है। उन्होंने कहा कि नहीं ऐसा नहीं है, ये मानते ही नहीं। मुझे स्कूल में दो तरह का माहौल नजर आया। एक हिजाब के साथ और दूसरा बिना हिजाब वाला। हमारे भी बच्चे लहंगा-चुन्नी पहन कर आएंगे। कलरफूल ड्रेस भी पहनेंगे। स्कूल का नियम कायदा होता है। वहां का ड्रेस कोड तय होता है। इस हिसाब से ही आना चाहिए। इन्हें तो सरस्वती के श्लोक बोलने पर भी आपत्ति है। स्कूल में नियम तो सबके लिए बराबर है। मैंने जय श्रीराम के नारे नहीं लगवाए। मैंने कहा था कि भारत माता की जय बोलिए। यह हमारी मां की भी मां है। क्या यह बोलना भी गलत है। मैं मदरसों में भी गया हुआ हूं। मैंने तो वहां ड्रेस बदलने की बात नहीं कही।
– बालमुकंदाचार्य, विधायक, हवामहल विधानसभा

रफीक-अमीन की समझाइश पर लौटी
पुलिस अधिकारियों समेत अन्य लोगों ने प्रदर्शन कर रही छात्राओं को समझाने के प्रयास किए लेकिन वह नहीं मानी। उसके बाद आदर्श नगर विधायक रफीक खान और किशनपोल विधायक अमीन खान ने वहां पहुंचे। उन्होंने छात्राओं और महिलाओं को समझाया और घर भिजवाया।

दूसरे समुदाय की छात्राओं ने भी की नारेबाजी
इधर, सुभाष चौक पर हो रहे प्रदर्शन के बाद दूसरे समुदाय की तरफ से कुछ छात्राएं और महिलाएं गंगापोल गेट के पास एकत्रित हो गईं और नारेबाजी करते हुए विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने कहा मामले को राजनीतिक रूप दिया जा रहा है। हमारे सामने हिजाब को लेकर विधायक ने कोई टिप्पणी नहीं की गई।

By admin

Leave a Reply