जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवाओं को नशीले पदार्थों के चंगुल से मुक्त कराना हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक कल्याण विभाग तथा पुलिस विभाग को राज्य स्तर से लेकर जिला स्तर तक कमेटियों का गठन कर नशा मुक्ति अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई और तेज करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। सीएम गृह विभाग की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे।
नशे की दवाइयों पर लगे रोक
शर्मा ने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों में नशीले पदार्थों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने में सामाजिक संगठनों की भी मदद ली जाए। मेडिकल स्टोर से नशा करने के लिए खरीदी जाने वाली दवाइयों की बिक्री पर अंकुश लगाया जाए और बिक्री के लिए एक पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जाए।
ये रहे मौजूद
बैठक में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, मुख्य सचिव सुधांश पंत, पुलिस महानिदेशक उत्कल रंजन साहू, शासन सचिव गृह रश्मि गुप्ता, शासन सचिव गृह (कानून) रवि शर्मा, पुलिस महानिदेशक (साइबर क्राइम) हेमन्त प्रियदर्शी, एडीजी क्राइम दिनेश एम.एन., एडीजी आरपीबी सचिन मित्तल, एडीजी लॉ एण्ड ऑर्डर विशाल बंसल, एडीजी एटीएस एवं एसओजी विजय कुमार सिंह, एडीजी सिविल राइट्स भूपेन्द्र साहू, आईजी सीएम विजिलेंस गौरव श्रीवास्तव, आईजी सीआईडी प्रफुल्ल कुमार सहित गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। राज्य के समस्त रेंज महानिरीक्षक एवं जिला पुलिस अधीक्षक वीसी के माध्यम से जुड़े।
साइबर क्राइम रोकथाम में एक्सपर्ट की मदद लें
सीएम ने कहा कि साइबर क्राइम की प्रभावी रोकथाम के लिए विशेषज्ञों की सेवाएं ली जाए तथा पुलिस अधिकारियों को इस संबंध में विशेष प्रशिक्षण दिलाया जाए, एसीएस होम को साइबर क्राइम बहुल जिलों के लिए अतिरिक्त पुलिस अधिकारियों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने सोशल मीडिया तथा अन्य माध्यमों से आमजन को साइबर क्राइम के प्रति जागरूक करने के लिए भी कहा।
माफिया गिरोह का सफाया जरूरी
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संगठित अपराध, भू-माफिया, बजरी माफिया, मादक पदार्थोें के तस्करों तथा नकल गिरोह का पूरी तरह सफाया करने के लिए प्रतिबद्ध है। अपराध के खिलाफ की गई त्वरित कार्रवाई तथा पुलिस की उपलब्धियों की भी आमजन को जानकारी मिलनी चाहिए, जिससे जनता में सकारात्मक संदेश जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस के प्रति आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय कायम होना चाहिए।
