राघवी बिष्ट ने महिला क्रिकेट टीम में बनाई जगह, रोहित शर्मा को देख सीखा पुल शॉट
देहरादून. देवभूमि उत्तराखंड की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं. एकेडमिक फील्ड हो या स्पोर्ट्स, बेटियां हर जगह धाक जमा रही हैं. अब क्रिकेट जगत में उत्तराखंड की बेटी राघवी बिष्ट ने प्रदेश का मान बढ़ाया है. गली क्रिकेट से अपने करियर की शुरुआत करने वाली राघवी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल के मैदान में कूद पड़ी हैं. यह पहली बार नहीं है, जब राघवी बिष्ट ने प्रदेश को गौरवान्वित किया है, इससे पहले भी वह साल 2022 में उत्तराखंड का नाम रोशन कर चुकी हैं. तब उन्होंने वुमेन अंडर 19 वनडे टूर्नामेंट में दोहरा शतक लगाकर इतिहास रचा था. उत्तराखंड के टिहरी जनपद के चंगोरा गांव की रहने वाली राघवी ने इंडियन वुमेन क्रिकेट टीम के 18 प्लेयर्स के स्क्वॉड में अपनी जगह बनाई है. राघवी ने बताया कि 7 अगस्त 2024 से भारतीय महिला क्रिकेट टीम के ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ T20 और वनडे मैच होंगे.
बचपन से क्रिकेट के लिए जुनून रखने वाली राघवी बिष्ट ने कहा कि स्कूल के दौरान से ही उन्हें क्रिकेट खेल में बहुत रुचि थी, इसलिए वह अपने मोहल्ले के लड़कों के साथ गली में क्रिकेट खेलना पसंद करती थीं लेकिन औपचारिक रूप से उन्होंने साल 2016 से क्रिकेट खेलना शुरू किया था और स्टेट टीम में अपने हुनर के बल पर शामिल हो गईं. उनके माता-पिता पेशे से कारोबारी हैं, जो जापान में रहते हैं, इसलिए वह देहरादून में अपने नाना-नानी के साथ रहती हैं.
साझेदारी का सबसे बड़ा रिकॉर्ड
साल 2022 में हुए अंडर-19 वनडे टूर्नामेंट में नगालैंड के खिलाफ राघवी ने जबरदस्त पारी खेली और नॉट आउट 219 रन बनाए. इस वनडे टूर्नामेंट में राघवी बिष्ट और नीलम ने पहले विकेट के लिए 234 रन की साझेदारी की थी, जो अब तक साझेदारी का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है. इससे पहले भी कई टूर्नामेंट में राघवी तेज बल्लेबाज के रूप में जोरदार प्रदर्शन कर चुकी हैं.
रोहित शर्मा को मानती हैं आइडल
राघवी बिष्ट इंडियन क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को अपना आइडल मानती हैं. राघवी ने रोहित को ही देख-देखकर क्रिकेट के कई गुर सीखे हैं. राघवी बताती हैं कि उन्होंने पुल शॉट लगाना रोहित शर्मा को देख-देखकर ही सीखा है.
Tags: Cricket news, Indian women cricketer, Local18, Uttarakhand news, Women cricket
FIRST PUBLISHED : July 15, 2024, 14:13 IST