रामोत्सव 22 को, निगम ग्रेटर में सार्वजनिक अवकाश रहेगा, मीट की दुकानें रहेगी बंद
जयपुर। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले रामलला की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को ऐतिहासिक अविस्मरणीय बनाने के लिए नगर निगम जयपुर ग्रेटर में 22 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने के साथ ही क्षेत्र की सभी मीट की दुकानों को बंद किया जाएगा।
निगम ग्रेटर मुख्यालय में व्यापार मण्डलों, बाजारों के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों, सचिवों के साथ बुधवार को बैठक की अध्यक्षता करते हुए महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने कहा कि 22 को निगम ग्रेटर में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। बैठक में रामोत्सव की तैयारियों को लेकर उपस्थित सभी व्यापारियों से सुझाव मांगे जिस पर व्यापार मण्डलों के पदाधिकारियों ने आवारा पशुओं, अतिक्रमण, बिजली के खुले तारों की समस्या से अवगत कराने पर महापौर ने शीघ्र निस्तारण करने का आश्वासन दिया। 22 जनवरी का दिन बहुत ही खास है। सभी अयोध्या तो नहीं जा सकते इसलिए जयपुर को राममय मनाने के लिए अयोध्या बनाने के प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने 5 लाख दीपक जलाने का सभी से आह्वान किया। महापौर ने कहा कि जिस भी व्यापार मण्डल, बाजार में अच्छी सजावटी होगी उसे पुरस्कृत भी किया जाएगा। हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करने के लिए स्कूल, कॉलेजों के विद्यार्थियों के साथ राम भजन की प्रतियोगित भी होगी। हर चौराहे पर रंगोली के साथ ही रंगोली प्रतियोगिता भी होगी।
महापौर ने कहा कि शहर को साफ एवं स्वच्छ बनाने के लिए निगम ग्रेटर को ओपन डिपो रहित बनाना है इसके लिए सभी के सहयोग की जरूरत है। महापौर ने रामोत्सव को सफल मनाने के लिए व्यापार संगठनों से अपील की। निगम ग्रेटर क्षेत्र की मीट की दुकानें 22 को बंद रखी जाएगी। महापौर ने सभी व्यापार मण्डलों से अपील की कि वे नीला व हरा डस्टबिन अपनी दुकानों के बाहर रखे इसके साथ ही प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के सामान को भी बंद करे विकल्प के तौर पर मिट्टी व कांच के कप रखे जा सकते है। आयुक्त रूकमणि रियार ने वॉकल फोर लोकल पर जोर देने का आह्वान किया। रामोत्सव के आयोजन के बाद शहर को स्वच्छ रखने की भी अपील की।
यह रहे उपस्थित
बैठक में जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल, टीवीसी सदस्य एवं पार्षद रामवतार गुप्ता, झोटवाड़ा व्यापार मण्डल के अध्यक्ष भंवर लाल शर्मा, रेलवे स्टेशन के व्यापार मण्डल के महामंत्री विष्णु शर्मा, सिंधी कैम्प व्यापार मण्डल के अध्यक्ष गजानन्द शर्मा, आदर्श व्यापार मण्डल के अध्यक्ष शंकर शर्मा, मानसरोवर व्यापार मण्डल के अध्यक्ष दीपक जगा सहित 40 व्यापार संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।