वादियों की इस व्यू को अगर कर दिया है मिस , तो खाक घूमें नैनिताल “टिफिन टॉप”…
तनुज पाण्डे/ नैनीताल. उत्तराखंड के नैनीताल में वैसे तो कई खूबसूरत पर्यटक स्थल है. जहां से आप नैनीताल की खूबसूरत वादियों का दीदार कर सकते हैं. ऐसा ही एक बेहद सुंदर पर्यटक स्थल नैनीताल की अयारपाटा पहाड़ी की चोटी में स्थित टिफिन टॉप है. बेहद खूबसूरत ट्रेक के बाद आप यहां तक पहुंच सकते हैं. यहां से दिखने वाला नैनीताल का खूबसूरत नजारा दिल को सुकून प्रदान करता है. इस जगह को एक अन्य नाम ‘डोरोथी सीट’ के नाम से भी जाना जाता है. टिफिन टॉप नैनीताल शहर से लगभग 5 किमी की ऊंचाई पर स्थित है. यहां तक आप ट्रेकिंग कर या फिर घुड़सवारी के माध्यम से पहुंच सकते हैं. यहां से दिखने वाले सुंदर नजारे आपके दिल को छू जाएंगे.
टिफिन टॉप के पास रास्ते में घने देवदार के खूबसूरत जंगल के बीच एक छोटा मैदान स्थित है. ऐसा कहा जाता है कि इस मैदान में कभी स्कूली बच्चे आते थे. खेलने के बाद अपना टिफिन में यही खाया करते थे. यही वजह है की इस जगह का नाम टिफिन टॉप पड़ा. इस जगह को एक अन्य नाम डोरोथी सीट के नाम से भी जाना जाता है. स्थानीय निवासियों द्वारा ऐसा कहा जाता है कि ब्रिटिश समय में इस जगह ‘कैलेट डोरोथी’ नाम की महिला बैठकर पेंटिंग किया करती थी, जिसकी हवाई दुर्घटना में मौत हो गई थी. जिसके बाद उनके पति ने इस जगह को ‘डोरोथी सीट’ का नाम दिया.
यहां से दिखते हैं सुंदर नजारे
टिफिन टॉप से राजभवन, नैनीताल का प्रतिष्ठित सेंट जोसेफ कॉलेज, शेरवुड कॉलेज, ऑल सेंट्स कॉलेज समेत संपूर्ण हिमालय की सुंदर रेंज दिखाई देती है. इसके साथ ही यहां से आप नैनीताल की कैमल्स बैक, नैनापीक, लड़ियाकांटा पहाड़ियों का दीदार कर सकते हैं. टिफिन टॉप के आसपास के जंगलों में पेड़ पौधों की कई प्रजातियां पाई जाती हैं. यह स्थान बर्ड वॉचिंग के लिए भी जाना जाता है.
पड़ने लगी हैं दरारें
नैनीताल के प्रमुख पर्यटक स्थलों में से एक ‘डोरोथी सीट’ में दरारें पड़ने लगी हैं. कभी भी भूस्खलन होने का खतरा बना हुआ है. नैनीताल में अभी तक तीन जिलाधिकारियों के तबादले हो चुके हैं, लेकिन अब तक इस बेहद सुंदर जगह को बचाने के कोई प्रयास नहीं किए गए हैं. बेहद सुंदर इस जगह पर पर्यटकों के लिए शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा का भी अभाव है.
पर्यटक करते हैं इंजॉय
इस जगह पर आने वाले पर्यटक यहां के खूबसूरत नजारों के बीच फोटो लेते नहीं थकते हैं. बेंगलुरु से नैनीताल घूमने पहुंचे पर्यटक स्वास्तिक जैन ने कहा कि उन्हें नैनीताल की ये जगह बेहद पसंद आई. ट्रेक थोड़ा मुश्किल जरूर था. लेकिन खूबसूरत नजारों के बीच इस जगह पहुंचते ही रास्ते की सारी थकान मिट गई.
.
Tags: Local18, Nainital news
FIRST PUBLISHED : March 19, 2024, 17:15 IST