शहर आपका, जान आपकी, फिर क्यों जोखिम

कोटा। शहर आपका अपना है, जान भी आपकी है। फिर क्यों बेतरतीब ढंग से वाहन चलाकर अपनी और अपनों की जान जोखिम में डालते हो। वाहन चालक यातायात नियमों की अंनदेखी कर न केवल ट्रैफिक व्यवस्था बिगाड़ रहे बल्कि खुद की जान भी जोखिम में डाल रहे हैं। अधिकतर वाहन चालकोें में ट्रैफिक सेंस नहीं है, इसकी गवाही शहर के व्यस्तम चौराहों पर रोंग साइड जाते वाहन चालकों की तस्वीर खुद बयां कर रही है। वहीं, आंकड़ों की बात करें तो वर्ष 2023 नवम्बर तक यातयात नियमों के उल्लंघन करने पर पुलिस ने कुल 70 हजार 102 लोगों के चालान किए हैं। इसके  बावजूद लोग नियमों के उल्लंघन से बाज नहीं आए हैं। हालांकि, पिछले तीन साल के रिकॉर्ड देखें तो चालान की दर में कमी आई है। वर्ष 2021 में कुल चालान 1 लाख 38 हजार 976 था। वहीं, वर्ष 2022 में चालानों की संख्या घटकर 70 हजार 217 रह गई। 

40 फीसदी लोग नहीं करते नियमों का पालन
शहर के चौराहों पर यातायात व्यवस्थित करने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मी अपने अनुभव के आधार पर बताते हैं कि शहर में अभी भी 40 से 45 फीसदी वाहन चलाने वाले चालक ट्रैफिक नियमों की परवाह नहीं करते हैं। चालकों की जागरूकता के बिना ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार आना मुश्किल है।

चालक निभाएं जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य  
पुलिस अपनी ओर से ट्रैफिक व्यवस्था दुरूस्त करने की पूरी कोशिश करती है, लेकिन जिम्मेदारी तो वाहन चलाने वालों की भी बनती है कि वो यातायात नियमों का पालन कर जागरूक नागरिक का कर्तव्य निभाएं। हालांकि ट्रैफिक पुलिस नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई में ढिलाई भी बरती है। जिसकी वजह से ऐसे लापरवाह चालकों के हौसले बढ़ जाते हैं। 

सख्ती बरतने पर जनता करती है नियमों का पालन
यातायात व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी ट्रैफिक पुलिस पर है, लेकिन वह अपनी इच्छानुसार ही कार्रवाई करती है। सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान ही अभियान चलाती है और सात दिन बाद ही अभियान बंद हो जाता है। विशेषज्ञ कहते हैं कि जनता सख्ती बरतने पर नियम का पालन करती है। ऐसे में पुलिस को समय समय पर अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले लापरवाहों के खिलाफ सख्ती बरतना चाहिए। 

देखिए, लोग ऐसे तोड़ रहे नियम
सीन-1 शनिवार सुबह 11 बजे : सब्जीमंडी रोड पर बाइक पर छावनी निवासी प्रेम सिंह (परिवर्तित नाम ) किराने का सामान लेकर रांग साइड से आ रहे थे। उन्हें रोकर बात तो उन्होंने कहा वे हमेशा ही ट्रैफिक नियमों का पालन करते हैं। लेकिन, आज थोड़ी जल्दी में था इसलिए इधर से निकल गया। 

सीन-2 दोपहर 2.30 बजे : रावतभाटा रोड स्थित गुमानपुरा फ्लाईओवर से ठीक पहले एक कार चालक कार रोंग साइड से शोपिंग सेंटर की तरफ जाने लगा। जबकि, सब्जीमंडी से घोड़ा सर्किल की ओर फ्लाईओवर से तेजी से आ रहे लोडिंग वाहन को देख कार चालक हड़बड़ाहट में संतुलन खो बैठा और कार बीच रोड पर बंद हो गई। ऐसे में लोडिंग वाहन चालक तुरंत ब्रेक न लगाने पर हादसा हो सकता था। 

सीन-3 दोपहर 3 बजे छावनी फ्लाईओवर से गुमानपुरा की ओर बाइक पर दो युवक रोंग साइड से जा रहे थे। इसी बीच छावनी चौराहे से एयरोड्रम सर्किल की ओर गुजर रहे वाहनों के बीच में बाइक आने से कुछ देर के लिए जाम लग गया। जिससे वाहन चालकों को परेशान होना पड़ा। 

सीन-4 दोपहर 3.25 बजे : एयरोड्रम सर्किल स्थित अंडरपास पर घोड़ा सर्किल की ओर एक बाइक सवार बिना हेलमेट और क्षमता से अधिक सवारी बिठाकर गुजर रहा था। बाइक पर चार सवारी थी, छोटे बच्चे को टंकी पर बिठा रखा था। ऐसे में चालक के साथ परिवार की जान भी जोखिम में थी। 

सीन-5 शाम 4 बजे : नयापुरा स्थित जेडीबी कॉलेज रोड पर से स्कूटर सवार अपने दो बच्चों को लेकर गुजरा। चालक ने हेलमेट भी नहीं लगा रखा और तीन सवारी बिठाकर वाहन चला रहा था। स्कूटर पर दो स्कूली बच्चे थे। चालक की एक गलती से बच्चों की जान संकट में पड़ सकती थी। 

सीन-6 शाम 4.12 बजे : नयापुरा रोड पर एक बाइक सवार घर से हेलमेट लेकर तो निकला लेकिन ट्रैफिक पुलिस से बचने के लिए। उसने हेलमेट सिर पर लगाने के बजाए बाइक पर लगे साइड ग्लास पर टांक रखा था। वहीं, 5 बजे  छावनी से गुमानपुरा की ओर जा रहा आॅटो चालक ने मल्टीपरपज स्कूल के पास रावतभाटा लिंक रोड पर अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे पीछे से आ रहे बाइक सवार आॅटो से टकराते बाल-बाल बचा। आॅटो चालक ने मुड़ने से पहले न तो एंडीगेटर दिया और न ही स्पीड धीमी की। 

यातायात नियमों का पालन करना वाहन चालक व उसके परिवार के हित में है। शहरवासियों की सुरक्षा के लिए ही ट्रैफिक पुलिस सर्दी-गर्मी हो या बरसात हर मौसम में सड़कों पर खड़ी रहती है। चालान बनाने के साथ समझाइश भी करती है। लेकिन, जिम्मेदारी तो वाहन चलाने वालों की भी बनती है कि वो नियमों का पालन कर जागरूक नागरिक का कर्तव्य निभाएं।  वहीं, न्यू ईयर पर यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने 34 स्थानों पर 90 से ज्यादा जवान तैनात किए हैं। 
– राजेश ढाका, पुलिस उपाधीक्षक, यातायात