सरकारी नौकरी की गारंटी! फ्री में देते हैं फिजिकल की ट्रेनिंग, दर्जनों को बनाया सेना और पुलिस का हिस्सा


कमल पिमोली/ श्रीनगर गढ़वाल.सेना या पुलिस का हिस्सा बनने वाले युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती फिजिकल एग्जाम की होती है. युवा अक्सर लिखित परीक्षा में पास तो हो जाते हैं लेकिन सही गाइडेंस न मिलने के कारण शारीरिक परीक्षा में क्वालीफाई नहीं कर पाते हैं. ऐसे में उत्तराखंड के श्रीनगर गढ़वाल के विकास शाह युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के लिए ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाते हैं, जिससे कि प्रतियोगी परीक्षाओं के बाद छात्रों को फिजिकल देने में किसी तरह की दिक्कत न हो. वहीं स्कूली बच्चों को भी विकास प्रशिक्षण देते हैं ताकि वे स्पोर्टस में भी बेहतर कर सकें. विकास खुद वॉक रेस में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.

विकास शाह 2022 से युवाओं को मुफ्त शारीरिक प्रशिक्षण दे रहे हैं. विकास का मानना है कि पहाड़ में आर्थिक तंगी के कारण युवा पीछे छूट जाते हैं. ऐसे में उन्होंने अपने स्तर पर युवाओं को मजबूत करने के लिए यह पहल शुरू की. उन्होंने कहा कि मई 2023 में वह श्रीकोट स्टेडियम के कोच नियुक्त हुए. इसके बाद भी उन्होंने युवाओं को मुफ्त प्रशिक्षण देना जारी रखा है. विकास के कार्यों को देखते हुए उन्हें यूथ आइकॉन अवार्ड के लिए भी नॉमिनेट किया गया है.

पुलिस से लेकर सेना का बन रहे हिस्सा
विकास शाह बताते हैं कि उनके पास बड़ी संख्या में उत्तराखंड पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा चयनित करने वाले कई युवा फिजिकल की ट्रेनिंग ले रहे थे, जिसमें से 22 लड़के और लड़कियां अपना फिजिकल क्लियर कर पुलिस का हिस्सा बन चुके हैं. विकास बताते हैं कि इसके अलावा चार बच्चों ने फॉरेस्ट गार्ड फिजिकल निकाला और अब वे वन विभाग में सेवाएं दे रहे हैं. वहीं महिला होमगार्ड के लिए भी 25 युवतियों को उन्होंने प्रशिक्षण दिया था, जिसमें से 17 बालिकाएं चयनित हुई हैं. वहीं हाल ही में आई बंदी रक्षक भर्ती में भी उनके 6 बच्चे चयनित हुए हैं. वह कहते हैं कि आबकारी भर्ती परीक्षा का परिणाम भी आने वाला है, उम्मीद है कि इसमें भी उनके द्वारा प्रशिक्षित युवा चयनित होंगे.

युवाओं के साथ बच्चों को भी दे रहे प्रशिक्षण
वह कहते हैं कि उनका उद्देश्य केवल प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए फिजिकल ट्रेनिंग देना नहीं है, बल्कि छोटे बच्चों को भी वह प्रशिक्षण देते हैं, जिससे कि वे बचपन से ही स्पोर्ट्स में रुचि रखें और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ें. उनके द्वारा प्रशिक्षित बच्चे स्कूल स्तर से लेकर जिला व राज्य स्तर पर भी प्रतिभाग कर चुके हैं. इसके साथ वह समय-समय पर लिखित प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी भी छात्रों को कराते हैं.

अग्निवीर भर्ती के लिए भी दे रहे ट्रेनिंग
विकास बताते हैं कि उनके द्वारा सेना भर्ती के लिए भी युवाओं को ट्रेनिंग दी गई, जिसमें कई युवाओं ने बेहतर प्रदर्शन किया और आज भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन दिनों उत्तराखंड पुलिस में एसआई व अग्निवीर की भर्ती आई है. इसके लिए भी वह युवाओं को प्रशिक्षण दे रहे हैं. वह कहते हैं कि जो भी युवा उनसे निशुल्क प्रशिक्षण लेना चाहता है, वह ले सकता है. एनआईटी मैदान में उनके द्वारा प्रशिक्षण दिया जाता है. कोई भी व्यक्ति उनके मोबाइल नंबर 8791220748 पर संपर्क कर उनसे अन्य जानकारी ले सकता है.

Tags: Army, Job and career, Local18