सरकारी स्कूलों में नहीं लगेंगी पहली पारी की कक्षाएं, दूसरी शिफ्ट वालों को आना होगा !

ब्यूरो/नवज्योति, जयपुर। राज्य सरकार के आदेश पर शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूल्स में 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए दो बजे तक छुट्टी की घोषणा कर दी, लेकिन एक पारी और दो पारी स्कूलों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की है। डबल शिफ्ट स्कूलों में स्टूडेंट्स को दोपहर बाद आना पड़ेगा तो एक पारी में सरकारी स्कलों में भी दो घंटे आना होगा, क्योंकि इन स्कूलों का अभी समय सुबह 10 से शाम 4 बजे तक का है। वहीं, असमंजस के बीच प्राइवेट स्कूल संगठनों, अभिभावक संघों और शिक्षक संघों ने पूर्ण अवकाश करने की मांग रख दी है। दरअसल, माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश को ही आगे बढ़ा दिया। जिसमें दो बजे तक अवकाश की घोषणा की गई है। ऐसे में सुबह सात और साढ़े सात बजे से दोपहर एक बजे तक लगने वाले स्कूल में पूरी छुट्टी हो गई। वहीं दो पारी में लगने वाले स्कूल्स साढ़े बारह बजे के बजाय अब दो बजे शुरू होंगे। संयुक्त अभिभावक संघ के प्रवक्ता अभिषेक जैन ने राज्य के सभी स्कूल्स में पूरी छुट्टी करने की मांग की है।

यह क्या औचित्य 
राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष शशिभूषण और विपिन प्रकाश शर्मा ने बताया कि पूर्ण अवकाश होने पर ही स्टूडेंट्स राम मंदिर के कार्यक्रम में पूरी तरह हिस्सा ले सकेंगे। पूर्ण अवकाश होने पर ही सैकंड शिफ्ट के स्टूडेंट्स आरती में हिस्सा ले सकेंगे। सिर्फ दो घंटे के स्कूल खोलने का भी औचित्य नहीं है। दरअसल, शिक्षा विभाग ने अपनी तरफ से आदेश में कोई परिवर्तन करने के बजाय सरकार की ओर से सभी विभागों से जारी आदेश को ही आगे कर दिया। अब राज्य के सभी सरकारी स्कूल्स में टीचर्स को भी दो बजे स्कूल पहुंचना पड़ेगा। शहरी व ग्रामीण दोनों ही स्कूल्स में असमंजस की स्थिति है।