साइबर ठगों के इन नए तरीकों से रहें सावधान, एआई की मदद से अकाउंट करते हैं खाली


सोनिया मिश्रा/चमोली. चमोली जिले में चमोली पुलिस लगातार जन जागरूकता अभियान चला रही है. जहां एक ओर पुलिस ऑपरेशन मुस्कान, ऑपरेशन प्रहार, जन जागरूकता अभियान, सत्यापन, गौरा शक्ति एप रजिस्ट्रेशन, गुमशुदाओं की तलाश जैसे तमाम कार्यक्रमों को कर रही है. वहीं अब पुलिस विभिन्न स्कूलों में जाकर छात्र-छात्राओं को साइबर पाठशाला लगाकर साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने का काम भी कर रही है.

इसी क्रम में प्रोद्योगिकी संस्थान गोपेश्वर में साइबर सेल चमोली द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया. जिसमें इंडक्शन प्रोग्राम में प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय के साइबर अपराधों के प्रकारों, इनके करने के तरीके तथा इनसे किस तरह से बचा जा सकता है के संबंध में बताया जा रहा है .साथ ही सोशल मीडिया का सावधानी पूर्वक उपयोग करने और निजी जानकारियां किसी भी अनजान व्यक्ति से शेयर न करने के संबंध में जागरूक किया गया.

साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता अभियान
बता दें कि चमोली पुलिस साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के अभियान के तहत लगातार स्कूल और कॉलेज, सार्वजनिक बाजारों से लेकर हर एक उम्र के लोगों तक पहुंचकर जानकारियां दे रही है. जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग साइबर फ्रॉड से बच सके.

इन बातों को न करें शेयर
कांस्टेबल राजेंद्र रावत ने चमोली वासियों से अपील करते हुए कहा है कि ऐसे साइबर ठगों के जाल में न फंसे , कोई ओटीपी, अकाउंट नंबर या क्यू आर कोड किसी व्यक्ति को ना बताएं. उन्होंने कहा कि अगर आप इस तरह की ठगी का शिकार हो भी जाते हैं तो आप अपने थाने जाकर मुकदमा दर्ज करवाएं और इसी के साथ ही आप साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 में डायल करके जानकारी दे सकते हैं. जिससे जल्द से जल्द आरोपियों को हिरासत में लिया जा सके.

साइबर ठगों से निपटने का सही तरीका
साथ ही कांस्टेबल राजेंद्र रावत ने बताया कि साइबर ठग किडनैपिंग,सड़क दुर्घटना या किसी भी मुसीबत की बात करके आपके किसी परिजन की आवाज  में बात कर पैसे मांग सकता है. ये सब एआई की मदद से हो रहा है इसलिए आपको थोड़ा सावधान होकर अक्ल से काम लेना चाहिए. साइबर ठगों को कहना चाहिए कि मैं थोड़ी देर बाद बैक कॉल करता हूं और फिर पुष्टि कीजिए कि वह व्यक्ति सही बोल रहा है या गलत. उसके बाद ही सही फैसला लीजिए इस तरह से सभी साइबर फ्रॉड से बच सकते हैं.

Tags: Chamoli News, Local18, Uttarakhand news