23 सालों से पढ़ा रहे सड़क सुरक्षा का पाठ, जर्मनी-जापान तक फेमस हैं ये डॉक्टर


देहरादून /हिना आज़मी: हर साल सड़क दुर्घटनाओं के मामले बढ़ते जा रहे हैं. ऐसे में कई लोग सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान चला रहे हैं. ऐसे ही एक देहरादून के डॉ बी के एस संजय हैं, जो पेशे से ऑर्थोपेडिक सर्जन है. वह 2001 से सड़क सुरक्षा के लिए लोगों को जागरूक करने का काम कर रहे हैं. स्कूल, कॉलेज, अस्पताल में जाने के साथ-साथ वह ड्राइवरों को जागरूक करते नजर आते हैं. वह जर्मनी-जापान आदि देशों में भी जागरूकता अभियान चलाते हैं.

डॉ बी के एस संजय ने लोकेल 18 को जानकारी देते हुए कहा है कि वह साल 2001 से सड़क सुरक्षा जन जागरूकता अभियान चला रहे हैं. वह सेवा सोसाइटी चलाते हैं, जिसके माध्यम से वह स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी में जाकर सड़क सुरक्षा के मुद्दों पर चर्चा करते हैं. उन्होंने कहा कि वर्ल्ड हेल्थ आर्गेनाइजेशन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, हर साल हमारे देश में करीब 5 लाख सड़क दुर्घटनाएं हो रहीं है. इनमें क़ई लाख लोगों की जान जाती है. उन्होंने कहा कि आज हम सभी लोग वाहन के बिना कहीं नहीं जाते हैं. लेकिन, सभी को बेहद जल्दी होती है. हेलमेट, सीटबेल्ट आदि लगाने पर लोग गौर नहीं करते हैं और खामियाजा सिर्फ उन्हें नहीं उनके परिवार को होता है.

ट्रैफिक नियमों का पालन करने की शपथ दिलाते हैं डॉक्टर
वह बताते हैं कि क्लीनिकल अध्ययन से पता चला है कि 90 फीसद सड़क दुर्घटनाएं वाहन चालकों की लापरवाही के कारण होती है. इसे रोका जा सकता है. पद्मश्री डॉ बी के एस संजय बच्चों युवाओं को ट्रैफिक नियमों का पालन करने और शपथ दिलाने का काम करते हैं. ताकि, वह एक अच्छे नागरिक बनकर अपना जीवन बचा सके. और दूसरों के लिए भी मुश्किल खड़ी न करें.

जागरूकता के लिए 200 से ज्यादा कार्यक्रम
आगे उन्होंने बताया कि साल 2001 से अब तक वह और उनके बेटे डॉ गौरव संजय अपनी संस्था के माध्यम से देश और विदेश की कई यूनिवर्सिटी, एम्स, आईआईटी जैसे राष्ट्रीय संस्थानों में 200 से ज्यादा कार्यक्रम कर चुके हैं. वहीं स्थानीय स्कूल-कॉलेजों में भी समय- समय पर वह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करते हैं.

Tags: Dehradun news, Local18