हाइलाइट्स
दिव्यांग शिक्षक प्रदीप नेगी ने किया कमाल
अपनी लगन और विशेष विधा के कारण राष्ट्रपति से हुए सम्मानित
रिपोर्ट- पुलकित शुक्ला
हरिद्वार. अगर सोच सही और इरादे फौलादी हों तो फिर कोई कमी भी वरदान बन जाती है. इसका उदाहरण पेश किया है उत्तराखंड के एक शिक्षक ने. उत्तराखंड के एक दिव्यांग शिक्षक ने दूसरे शिक्षकों के लिए मिसाल पेश की है. हरिद्वार के दिव्यांग शिक्षक प्रदीप नेगी ने यह साबित कर दिया है कि अगर इनोवेटिव सोच और अपने काम से लगाव हो तो शारीरिक चुनौतियां भी आड़े नहीं आती हैं.
हरिद्वार के बीएचईएल सेक्टर वन स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में पढ़ाने वाले शिक्षक प्रदीप नेगी शारीरिक तौर पर दिव्यांग हैं. लेकिन उनकी इनोवेटिव सोच और पढ़ाने का खास अंदाज उन्हें दूसरे शिक्षकों से अलग बनाता है. उनके इसी खास अंदाज और लगन के कारण उनको शिक्षक दिवस के मौके “राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार” से भी नवाजा गया है.
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का करते हैं उपयोग
अर्थशास्त्र के शिक्षक प्रदीप नेगी टीचिंग में कुछ खास करने की चाह रखते हैं. प्रदीप नेगी ने बच्चों को बेहतर ढंग से पढ़ाने के लिए अपनी वेबसाइट, ब्लॉग और यूट्यूब चैनल बनाया है. जिस पर वे सिलेबस के लेक्चर डालते हैं और बच्चों को व्हाट्सएप के जरिए शेयर भी करते हैं. प्रदीप नेगी सरकारी ऑनलाइन टीचिंग प्लेटफार्म का भी हिस्सा हैं. शिक्षक प्रदीप नेगी स्कूल के छात्रों के भी पसंदीदा हैं. प्रदीप नेगी की बनाई हुई वेबसाइट और बच्चों की पढ़ाई के लिए तैयार किया गया कंटेंट छात्रों की पढ़ाई में काफी सहायक साबित हो रहा है.
कोरोना काल में भी पढ़ाई नहीं रुकी
इंटर में छात्र सूर्यांश और छात्रा साधना का कहना है कि कोरोना काल में भी प्रदीप ऑनलाइन कंटेंट उपलब्ध कराते थे. जिसके कारण उनकी पढ़ाई बाधित नहीं हुई और लगातार ऑनलाइन पढ़ने से उनकी पढ़ाई में सुधार हो रहा है. अन्य विषयों में भी ऑनलाइन कंटेंट उपलब्ध होने से उन्हें परीक्षाओं में काफी मदद मिलेगी.
राष्ट्रपति से सम्मानित
शिक्षण में नवाचार और बेहतर सेवा के लिए शिक्षक दिवस के मौके पर प्रदीप नेगी को “राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार” देकर सम्मानित किया गया है. भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने खुद प्रदीप नेगी को पुरस्कार से नवाजा है. प्रदीप नेगी को इससे पहले भी कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है. प्रदीप नेगी को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने से उनके विद्यालय में भी उत्साह का माहौल है.
दूसरे शिक्षकों के लिए पेश की मिसाल
सरकारी स्कूलों की पढ़ाई की गुणवत्ता किसी से छुपी नहीं है. कहीं संसाधनों की कमी तो कहीं शिक्षकों की उदासीनता की वजह से छात्रों को अच्छी शिक्षा नहीं मिल पाती है. लेकिन प्रदीप नेगी ने अपनी लगनशीलता और इनोवेटिव सोचा के जरिए ना सिर्फ छात्रों की पढ़ाई की राह आसान कर रहे है, बल्कि समाज में एक मिसाल भी पेश किया है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: CM Pushkar Dhami, CM Pushkar Singh Dhami, Haridwar news, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : September 13, 2022, 13:21 IST
