जयपुर। पूर्णिमा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की ओर से इन्फोर्मेशन मैनेजमेंट एंड मशीन इंटेलिजेंस विषय पर 3 दिवसीय इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। आईएसटीई और सीएसआई इंडिया द्वारा प्रायोजित इस कॉन्फ्रेंस में देश-विदेश के रिसर्चर, वैज्ञानिक, लेखक, एजुकेशनिस्ट, प्रोफेशनल व स्टूडेंट्स शामिल हुए तथा 160 से अधिक रिसर्च पेपर प्रस्तुत किए गए। विप्रो जयपुर के ग्लोबल हेड योगेश अग्रवाल और एनआईटी रायपुर के प्रोफेसर (डॉ.) दिलीप सिंह सिसोदिया इसके उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि थे। मेजबान पीआईईटी के डायरेक्टर डॉ. दिनेश गोयल ने सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का स्वागत किया और इंस्टीट्यूट की उपलब्धियों की जानकारी दी। इस अवसर पर पीआईईटी के कंप्यूटर इंजीनियरिंग के एचओडी व कॉन्फ्रेंस के को-चेयर डॉ. अनिल कुमार और आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. उदय प्रताप सिंह भी उपस्थित थे।
उद्घाटन समारोह के बाद विशेषज्ञों के सैशन आयोजित किए गए। इनमें एमडी यूनिवर्सिटी रोहतक के प्रोफेसर (डॉ.) नसीब सिंह गिल, डॉ. ए सुरेश, डॉ. आर उडेंधरन, डॉ. श्वेता सिन्हा, डॉ. शिशिर सिंह, डॉ. आरती चुग, डॉ. चारू जैन और डॉ. निशा चार्या के सैशन प्रमुख रहे। इन्होंने मशीन लर्निंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्षेत्रों में हाल की रिसर्च चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए इन क्षेत्रों में नवीनतम प्रगति की व्यापक जानकारी दी। यह कॉन्फ्रेंस दुनियाभर के रिसर्चर्स व प्रोफेशनल्स के बीच आपसी सहयोग व नॉलेज के आदान-प्रदान का उत्कृष्ट मंच साबित हुई।
