स्कूलों में गणित पढ़ा रहे 41 फीसदी शिक्षकों ने स्नातक स्तर पर नहीं पढ़ा यह विषय | 41 percent teachers teaching mathematics in schools did not study this | Patrika News

नई दिल्लीPublished: Jan 20, 2024 12:46:32 am

कमजोर हिसाब-किताब : टीआइएसएस की रिपोर्ट में खुलासा, 8 राज्यों में सर्वे

 

स्कूलों में गणित पढ़ा रहे 41 फीसदी शिक्षकों ने स्नातक स्तर पर नहीं पढ़ा यह विषय

स्कूलों में गणित पढ़ा रहे 41 फीसदी शिक्षकों ने स्नातक स्तर पर नहीं पढ़ा यह विषय

नई दिल्ली. देश के स्कूलों में 41 फीसदी तक मैथ्स टीचर्स ऐसे हैं, जिन्होंने खुद स्नातक स्तर पर गणित विषय नहीं पढ़ा। टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (टीआइएसएस) की ओर से जारी रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। ‘द राइट टीचर फॉर एवरी चाइल्ड’ नाम की रिपोर्ट देश के आठ राज्यों में किए गए सर्वे पर आधारित है। इनमें महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पंजाब, बिहार, असम, मिजोरम, कर्नाटक और तेलंगाना शामिल हैं।रिपोर्ट के मुताबिक सरकारी और निजी, दोनों स्कूलों में 35 से 41 फीसदी गणित शिक्षकों के पास स्नातक स्तर पर गणित विषय के रूप में नहीं था, फिर भी वे बच्चों को गणित पढ़ा रहे हैं। सर्वे में 422 स्कूलों के 3615 शिक्षकों, 422 मुख्य शिक्षकों, 68 शिक्षक शिक्षण संस्थानों, बीएड में पढऩे वाले 1481 विद्यार्थी शिक्षकों और 268 टीचर एजुकेटर को शामिल किया गया। हाल ही शिक्षा केंद्रित गैर-लाभकारी संस्था प्रथम फाउंडेशन की सालाना शिक्षा स्थिति रिपोर्ट (एएसईआर) में बताया गया था कि 14 से 18 साल की उम्र के कई विद्यार्थी तीसरी कक्षा के गणित के सवाल हल नहीं कर पाते। टीआइएसएस की रिपोर्ट में स्कूलों में शिक्षकों के खाली पदों पर चिंता जताते हुए बताया गया कि सबसे ज्यादा 35 फीसदी पद गणित के शिक्षकों के ही खाली पड़े हैं। अंग्रेजी शिक्षकों के 31 फीसदी और क्षेत्रीय भाषाओं के शिक्षकों के 30 फीसदी पद खाली हैं।

By admin

Leave a Reply