अरशद खान/ देहरादून. उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भी 34वां सड़क सुरक्षा माह (Road Safety Month) मनाया जा रहा है. यह सड़क सुरक्षा माह 14 फरवरी तक चलेगा. इसमें राजधानी पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के मकसद से स्कूलों, औद्योगिक क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं. देहरादून पुलिस (Dehradun Police) द्वारा समाज के हर वर्ग को इस मुहिम के साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. इस कार्यक्रम के दौरान आमजन के बीच जाकर उन्हें सड़क सुरक्षा के उपायों को प्राथमिकता देने, लापरवाही से वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन न करने के परिणामों के विषय में भी जागरूक किया जा रहा है. साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया जा रहा है.
Local 18 से बातचीत में देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि एक माह का सड़क सुरक्षा अभियान पूरे देशभर में चल रहा है, जिसमें यातायात नियमों (Traffic Rules) के प्रति जागरूकता सबसे बड़ी प्राथमिकता होती है. देहरादून में ट्रैफिक पुलिस, सामाजिक संस्थाएं और कॉलेज स्टूडेंट की मदद से जगह-जगह सड़कों पर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं. सर्दियों में कोहरा काफी ज्यादा होता है, ऐसे में तमाम वाहनों पर देहरादून पुलिस रिफ्लेक्टर भी लगा रही है, जिससे कि लाइट पड़ने पर रिफ्लेक्टर आसानी से चमक जाए और एक्सीडेंट होने से बचे. इस एक माह के इंफोर्समेंट और जागरूकता ड्राइव के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना हमारा उद्देश्य है.
मित्र पुलिस चला रही कई अभियान
राजधानी देहरादून में मित्र पुलिस अलग-अलग अभियान चला रही है, जिसमें सड़कों पर वॉलिंटियर लोगों को जागरूक कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर सड़क जागरूकता बाइक रैली, शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान और शहर भर के थानों में गाड़ी चालकों के लिए निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाकर उनकी स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है. यह अभियान सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा सम्पूर्ण भारत वर्ष में चलाया जा रहा है. इसका उद्देश्य यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करना है. साथ ही इस बात का अहसास दिलाना है कि उनका और दूसरों का जीवन अमूल्य है. इस बात का सदैव ध्यान रखें कि घर पर कोई अपना उनका इंतजार कर रहा है.
.
Tags: Dehradun police, Local18, Traffic rules, Uttarakhand Police, Uttarakhand Traffic Police
FIRST PUBLISHED : January 20, 2024, 12:59 IST
