सोनिया मिश्रा/ रुद्रप्रयाग: एक ओर उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों की बेटियां छोटी सी उम्र में शादी की जिम्मेदारी में बंध जाती हैं, तो वहीं कई बेटियां अपनी अलग पहचान बनाकर ही इस बंधन में बंधना पसंद करती हैं. ऐसी ही एक बेटी है लक्ष्मी पुष्वाण, जिन्होंने कई डिग्रियां लेकर अपने ज्ञान को बढ़ाया और फिर शादी की. अब उनका इजरायल में पोस्ट डॉक्टरल पद पर चयन हुआ है.
रुद्रप्रयाग जनपद के ऊखीमठ ब्लॉक के किमाणा पैज निवासी लक्ष्मी पुष्वाण का इजरायल की टेक्निक इजरायल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में पोस्ट डॉक्टरल पद पर नियुक्ति मिलने से पूरे केदारघाटी क्षेत्र में खुशी की लहर है. बेटी की इस सफलता पर परिजनों, ग्रामीणों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने खुशी व्यक्त की है. लक्ष्मी पुष्वाण 1 मई को इजरायल पहुंचकर पोस्ट डॉक्टरल पद पर तैनाती देंगी. बता दें कि उनके पति मंजीत पुष्वाण भी इजरायल की विश्व प्रसिद्ध तेल अवीव विश्वविद्यालय में डॉक्टरल वैज्ञानिक पद पर तैनात हैं.
प्राथमिक शिक्षा श्रीनगर गढ़वाल के बिल केदार के मॉर्डन पब्लिक स्कूल और देव भूमि पब्लिक स्कूल से ग्रहण करने वाली लक्ष्मी ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट गवर्नमेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज श्रीनगर गढ़वाल से प्रथम श्रेणी में पूरा किया है. इसके बाद श्रीनगर गढ़वाल विश्वविद्यालय से वर्ष 2013 में स्नातक और वर्ष 2015 में कार्बनिक रसायन विज्ञान में विशेषज्ञता के साथ मास्टर डिग्री हासिल की. इसके बाद उन्होंने वर्ष 2016 में नेट-एलएस परीक्षा उत्तीर्ण की. इसके अलावा उन्होंने वर्ष 2017 में नेट-जेआरएफ और गेट परीक्षा उत्तीर्ण की, जिसमें उनकी ऑल ओवर इंडिया रैंक 19 थी.
लक्ष्मी पुष्वाण ने बताया कि 2017 में उन्हें डॉ. आशीष कुमार भट्टाचार्य के मार्गदर्शन में सीएसआईआर-राष्ट्रीय रासायनिक प्रयोगशाला, पुणे में पीएचडी कार्यक्रमों के लिए चुना गया. उनके अब तक अंतरराष्ट्रीय सहकर्मी समीक्षा पत्रिकाओं में पांच शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं. बीते साल सितम्बर माह में औषधीय रसायन विज्ञान में अपनी पीएचडी पूरी करने वाली लक्ष्मी पुष्वाण का सीएसआईआर-एनसीएल पुणे में किए गए शोध के आधार पर टेक्निक इजरायल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में पोस्ट-डॉक्टरल पद पर चयन हुआ है.
.
Tags: Local18, Rudraprayag news
FIRST PUBLISHED : March 13, 2024, 15:55 IST
