पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर महिलाएं

 हरनावदाशाहजी। हरनावदाशाहजी सहित इससे जुड़े ग्रामीण इलाकों में जल संकट गहराने से आमजन के सामने गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। वहीं पानी के लिए महिलाएं दर-दर भटकने पर मजबूर है। जानकारी अनुसार कस्बे के ग्राम रतनपुरा, 49 मील नई बस्ती, कालापाठा बस्ती, कुम्हार मोहल्ला तिलक स्कूल गली, रेगर मोहल्ला, राजस्व ग्राम सालरखो, मजरा ग्राम रतनपुरा सहित एक दर्जन बस्तियों में भारी जल संकट से लोगों के कंठ सूखने लगे हैं। नोतपा की तपन ओर गहराता जल संकट लोगों के सामने पहाड़ जैसी मुसीबत बन कर सामने आया है। कालापाठा निवासी हुसेन, आशिक, शाकिर, मनोज, सुनील ने बताया कि एक किलोमीटर पैदल चलकर पेट्रोल पंप की ट्यूबवेल  से पीने का पानी लाना पढ़ रहा है। वहीं 49 मील पर रहने वाले महफूज शेख, छीतर रेगर, जितेन्द्र, आलम मेवाती, यूनूस मेव का कहना है कि जल जीवन मिशन यहां पूरी तरह फेल है। लोग पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। इधर, स्कूल गली में रहने वाले सुनील सोनी, प्रेम टेलर, हेमराज का कहना है कि यहां निजी कुआ है। जिसमें पानी रीत गया। यहां पाईप लाईन तो बिछा दी लेकिन पानी की सप्लाई शुरू नहीं की। प्रशासन से लगातार पीने पानी को मांग करते आ रहे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। 

करोड़ों रुपए खर्च होने के बाद भी नहीं मिली राहत
 स्थानीय ग्राम पंचायत क्षेत्र में छीपाबड़ौद रोड स्थित बंजारा बस्ती रतनपुरिया मजरा के ग्रामीण भीषण गर्मी में पेयजल की तलाश में दर-दर भटकने को मजबूर हैं। कस्बे से करीब दो-ढाई किमी दूर स्थित रतनपुरिया मजरा में करीब 50 घरों बस्ती है। जिसमें निवास करने वाले बंजारा समुदाय के करीब 3-4 सौ लोग मेहनत मजदूरी में करके जीवन-यापन करते है। भीषण गर्मी में भी ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध नहीं होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रतनपुरिया मजरा निवासी मुकेश बंजारा, लोकेश बंजारा व गोलू बंजारा ने बताया कि पानी के लिए करोडों रूपए खचे होने के बाद भी इस भीषण गर्मी के बीच प्रशासन की ओर से पेयजल की व्यवस्था नहीं की गई है। ग्रामीण खेतों के निजी कुओं से पानी निकालकर लाने को मजबूर हैं। मजरे से दूर स्थित एक सरकारी कुएं से डीजल पंप लगाकर ग्रामीण अपने खर्च पर पानी निकालकर मवेशियों के लिए भर रहे हैं।  

 पाइपलाइन तो बिछाई, घरों से नहीं जोड़ी
कस्बे में जल जीवन मिशन योजना के तहत तेरह महीने पहले काम शुरू करते हुए ठेकेदार ने एक साथ कई मौहल्लों की सड़कों को उधेड दिया। उसके बाद काम बंद कर देने से लोगों की आवाजाही प्रभावित रही। बाद में लोगों की नाराजगी पर खोदे गए रास्तों की मरमत ठेकेदार ने करवा दी, लेकिन कई गलियों में पाइपलाइन ही नहीं बिछाई। कुछ जगह बिछाई भी तो उनको पानी सप्लाई वाली लाइनों को घरों से ही नहीं जोड़ा।  उन नई लाइनों से नए कनेक्शन ही जारी नहीं किए और जहां जारी कर दिए, उनमें पानी ही नहीं आ रहा।

 पानी के लिए मवेशी भी भटक रहे
पहाड़ी की तलहटी में स्थित रतनपुरिया मजरा में पालतू गाय, भैंस, बकरी तथा बैल आदि सैकड़ों मवेशी हैं जो पानी नहीं मिलने से इधर-उधर भटक रहे हैं। मांगीलाल बंजारा ने बताया कि ग्रामीणों लिए ही पीने का पानी नहीं मिल रहा है। ऐसी स्थिति में मवेशियों के लिए पानी की व्यवस्था करना बहुत मुश्किल हो रहा है। व्यापार संघ अध्यक्ष मुरलीधर मेहरा ने भी जल्द पेयजल समस्या के समाधान की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है 
सालरखो में पेयजल के लिए टैंकर चलाने की मांग की है। हरनावदाशाहजी ग्राम पंचायत के तहत राजस्व ग्राम सालरखो, रतनपुरिया मजरा वार्ड नंबर 2 में आता है। यहां कभी भी पीने के पानी की व्यवस्था के लिए प्रयास नहीं होने से ग्रामीण परेशान हैं। सरकारी कुएं में नाममात्र का पानी है।  ग्रामीण तो दूर दराज के कुएं से पानी ले आते हैं, लेकिन ने मवेशी पानी की तलाश में इधर-उधर भटकने रहते हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए पानी टैंकर चलाए जाए। 
– चंद्रमोहन लववंशी, ग्रामीण, सालरखो।  

जल जीवन मिशन के तहत कस्बे में हर घर नल योजना के कनेक्शन किए गए हैं। कस्बे में लोगों को पेयजल की समस्या से निजात दिलाने के लिए इस योजना के तहत करोड़ों रुपए खर्च किये गए हैं। लेकिन फिर भी लोगों को पेयजल की समस्या से राहत नहीं मिली है। जिम्मेदार लोग इस समस्या की और ध्यान नहीं दे रहे हैं। प्रशासन को जल्द व्यवस्था करनी चाहिए।
–  महफूज शेख, निवासी। 
     
कस्बे में पेयजल की समस्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है। इससे आमजन व महिलाएं पीने के पानी के लिए दर-दर भटक रही है। जलदाय विभाग व स्थानीय ग्राम पंचायत प्रशासन कस्बे सहित बस्तियों में पानी के टैंकर की सप्लाई नहीं कर रहा है। जल जीवन मिशन के तहत कस्बे में बिछी पानी की पाइप लाइने बंद पड़ी है। पेयजल समस्या समाधान नहीं होता है तो व्यापार संघ के तत्वाधान में प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया जाएगा। –  मुरली मेहरा, अध्यक्ष, व्यापार संघ।
    
इनका कहना है 
ग्राम पंचायत द्वारा जलदाय विभाग से पानी के टैंकरों की मांग गई थी। जिस पर 4 टैंकरों की स्वीकृति मिल गई है। 2  टैंकरों की ओर मांग रखी है। जिससे कस्बे की बस्तियों में आमजन को राहत मिल सकेगी। 
-संजय पारेता, उपसरपंच, हरनावदाशाहजी। 

हरनावदाशाहजी कस्बे में जहां-जहां पानी की समस्या आ रही है। वहां पर शीघ्र ही टैंकर से सप्लाई सुचारू करवा दी जाएगी। जल जीवन मिशन के तहत कार्य प्रगति पर है। जल्द ही नई टंकी से कुछ बस्तियों में पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
– रवि गुप्ता, सहायक अभियंता, जलदाय विभाग, छीपाबड़ौद। 

By admin