कोटा दक्षिण वार्ड 46- महापौर के प्रयासों से  बदली वार्ड की तस्वीर, अधिकतर समस्याओं का हो चुका समाधान

कोटा। नगर निगम दक्षिण क्षेत्र के वार्ड 46 में शहर के कई पुराने इलाके आते हैं। वार्डवासियों ने बताया कि पहले वार्ड में अनेक समस्याएं थीं, परंतु जब से पार्षद (अब महापौर) को अवगत कराया गया, तब से टूटी सड़कें, खराब रोड लाइट, क्षतिग्रस्त नालियां, पानी के प्रेशर तथा साफ-सफाई सहित अन्य कई समस्याओं का समाधान हो चुका है। वार्डवासियों ने कहा कि जब भी हम किसी भी समस्या के लिए पार्षद को अवगत कराते हैं, तो वे तुरंत संबंधित कर्मचारियों को फोन कर समाधान के निर्देश दे देते हैं। इस वार्ड का प्रतिनिधित्व वर्तमान में दक्षिण के महापौर राजीव अग्रवाल करते हैं। वार्ड में हुए विकास कार्यों की हर कोई तारीफ कर रहा है। हालांकि कुछ समस्याओं का समाधान होना अभी शेष है।

न्यू साबरमती कॉलोनी व हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र से मांग
न्यू साबरमती कॉलोनी व हाउसिंग बोर्ड साबरमती कॉलोनी के निवासियों ने बताया कि यदि प्लास्टिक के स्पीड ब्रेकर लगा दिए जाएं तो तेज रफ्तार बाइक पर लगाम लग सकेगी।

महापौर को बताने पर हो जाता है समस्या का समाधान
हरीश कुमार, जितेंद्र सिंह सहित अन्य ने बताया कि हमारी गली में प्रतिदिन सफाई होती है तथा समय-समय पर कचरा गाड़ी भी आती है। जब भी वार्ड से संबंधित कोई समस्या होती है, तो महापौर को अवगत कराने के बाद तुरंत समाधान करवा दिया जाता है।

वार्ड का  एरिया 
साबरमती हरिजन कॉलोनी (आधा भाग), हाउसिंग बोर्ड साबरमती कॉलोनी, बिरला मेडिकल, राष्ट्रदूत कार्यालय, भीम छात्रावास, बड़ी गाड़ी खाना, न्यू मिडिल स्कूल, पानी की टंकी का क्षेत्र शामिल हैं।

सामुदायिक भवन व पार्क विकास की प्रतीक्षा में
वार्ड में स्थित सामुदायिक भवन की फर्श जगह-जगह से उखड़ी हुई है तथा गेट भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। वहीं न्यू साबरमती कॉलोनी स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पास के पार्क का मेन गेट टूटा हुआ है। घास भी ठीक से नहीं लगी है, जिससे लोगों को असुविधा होती है।

इनका कहना 
 वार्ड में ऐसी कोई समस्या नहीं है जिसके लिए वार्डवासियों को परेशान होना पड़े। विकास कार्य पर्याप्त मात्रा में करवाए गए हैं।
– शंकरलाल, वार्डवासी

न्यू साबरमती कॉलोनी व न्यू मिडिल स्कूल क्षेत्र में तेज रफ्तार से बाइक निकलती हैं। यदि प्लास्टिक के स्पीड ब्रेकर लगा दिए जाएं तो बाइक की रफ्तार पर नियंत्रण हो सकेगा।
– प्रदीप कुमार, वार्डवासी

वार्डवासियों ने जहां भी स्पीड ब्रेकर की मांग बताई है, वहां लगाए जाएंगे। पार्क में जल्द पौधारोपण भी किया जाएगा और सामुदायिक भवन का विकास कार्य भी किया जाएगा।
– राजीव अग्रवाल भारती, महापौर, नगर निगम कोटा दक्षिण

By admin