अल्मोड़ा. आजकल के समय में छात्राएं खुद को कैसे सुरक्षित रख सकें, इसके लिए उन्हें जागरूक किया जाता है. वहीं, उत्तराखंड के अल्मोड़ा के राजा आनंद सिंह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में इन दिनों छात्राओं को उनकी आत्मरक्षा के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है. रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण के तहत छात्राओं को यह ट्रेनिंग दी जा रही है, जिसमें कक्षा 9 से लेकर 12वीं कक्षा की छात्राएं सेल्फ डिफेंस के लिए ताइक्वांडो सीख रही हैं.
इंटर कॉलेज की छात्राओं को यह प्रशिक्षण पिछले एक महीने से दिया जा रहा है. इसमें 50 से ज्यादा छात्राएं ताइक्वांडो की ट्रेनिंग ले रही हैं. यह ट्रेनिंग 3 महीने की है, जिसमें छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जा रहे हैं. ‘न्यूज़ 18 लोकल’ ने स्कूल में जाकर छात्राओं से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि ऐसी ट्रेनिंग कराने से उनके आत्मविश्वास को बढ़ावा मिलता है और फिर वह किसी भी परिस्थिति से लड़ सकती हैं.
छात्रा अर्पिता चौहान ने बताया कि करीब एक महीने से उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे काफी कुछ सीखने को मिला है. रोजाना उनकी ट्रेनिंग हो रही है, जिससे उन सभी का आत्मविश्वास बढ़ रहा है. वो लोग सेल्फ डिफेंस सीख रहे हैं, जो आने वाले समय में कारगर सिद्ध होगा. वहीं, छात्रा तनिष्का ने बताया कि बढ़ते क्राइम को देख सभी छात्राओं को ताइक्वांडो सिखाया जा रहा है, जिससे वह काफी कुछ सीख रही हैं. जो आने वाले समय में उनके लिए काफी लाभदायक रहेगा. वह बताती हैं कि जब से सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग ले रही हैं, तब से उनमें काफी बदलाव आया है और वह बचाव के कई नए पैतरें सीख रही हैं.
ताइक्वांडो के कोच ने कही ये बात
ताइक्वांडो के कोच अंकित कुमार ने बताया कि जो भी लड़कियां हैं, वह अपनी खुद की सुरक्षा कैसे कर सकें, इसके लिए उन्हें उन परिस्थितियों से लड़ना आना चाहिए. इसको देखते हुए सरकार की ओर से यह बेहतरीन कदम उठाया गया है. वह रोजाना स्कूल में आकर छात्राओं को ट्रेनिंग दे रहे हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : February 15, 2023, 15:58 IST
