सोनिया मिश्रा
चमोली.आजकल सोशल मीडिया का युग है, जहां तरह-तरह की खबरें, जानकारियां, लोग या फिर चौंकाने वाले वीडियो अचानक वायरल हो जाते हैं. कुछ इसी तरह उत्तराखंड के चमोली जिले का एक वीडियो भी इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो को स्कूली बच्चों के माता-पिता बना रहे हैं और वीडियो बनाते हुए वह स्कूल के टीचर के कमरे में चले जाते हैं, जहां गुरुजी कथित तौर पर नशे में धुत होकर आराम फरमा रहे होते हैं. आरोप है कि बच्चों को स्कूल में पढ़ाने के बजाय वह शराब पीकर अपने कमरे में सो रहे थे. वीडियो वायरल जपते ही उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार,चमोली जिले के नंदा नगर घाट क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय स्याली में आरोपी शिक्षक पढ़ाते हैं. इस स्कूल में 30 बच्चे पढ़ते हैं और स्कूल में एक ही शिक्षक की तैनाती है. आरोप है कि वह भी स्कूल पहुंचने के बजाय में नशे की हालत में अपने कमरे में सोते हुए नजर आए. यह सूचना मिलते ही कुछ ग्रामीणों व अभिभावकों ने उनके कमरे में जाकर वीडियो बनाया. उन्होंने टीचर को जगाया और उनसे जवाब तलब करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. जिसके बाद से वीडियो वायरल हो रहा है.
वायरल हो रहे वीडियो में कुछ अभिभावक नजर आ रहे हैं. वह सो रहे टीचर को जगाते हैं और उनसे स्कूल न जाने का कारण पूछते हैं. वहीं आरोपी शिक्षक ठीक से कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं दिखते हैं. वह हाथ जोड़ते हुए माफी मांग रहे हैं. वहीं माता-पिता उनके इस व्यवहार पर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं.
वीडियो के जरिए मामला संज्ञान में आते ही चमोली के मुख्य शिक्षा अधिकारी कुलदीप गैरोला ने आरोपी टीचर को सस्पेंड कर दिया है. उन्होंने कहा कि वीडियो में प्राथमिक विद्यालय के टीचर नजर आ रहे हैं. ग्रामीणों के आरोपों की जांच की जाएगी. फिलहाल तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित किया गया है. दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
गौरतलब है कि उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में बदतर व्यवस्था से जुड़ा इस तरह का वीडियो पहली बार वायरल नहीं हुआ है. कहीं मास्टर जी स्कूल खुलने के दो से तीन घंटे के बाद स्कूल आते हैं, तो कहीं दर्जनों बच्चों की जिम्मेदारी एक ही टीचर पर होती है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Chamoli News, Uttarakhand news, Viral video
FIRST PUBLISHED : April 19, 2023, 10:08 IST
