Covid-19 Alert: PM ने की अपील, धामी सरकार सतर्क, अब आप उत्तराखंड आएं तो टेस्टिंग व टीके को लेकर रहें गंभीर


देहरादून. उत्तराखंड में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा संक्रमित पाए जा चुके हैं, एक दिन में नये केसों का आंकड़ा 24 तक पहुंचा है, पड़ोसी यूपी और दिल्ली में संक्रमण लगातार गंभीर होता जा रहा है… इसके बावजूद उत्तराखंड में कोरोना के मामले अभी भले ही तेज़ी से न बढ़ रहे हों, लेकिन खतरा तो है! राज्य सरकार बच्चों के वैक्सीनेशन से लेकर यात्रियों की टेस्टिंग तक एहतियात बरतने के मूड में आ गई है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की सुरक्षा के लिए फुल प्रूफ प्लान लाने के निर्देश दिए हैं.

बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड के मौजूदा हालात पर राज्यों के मुख्यमंत्रियों और स्वास्थ्य मंत्रियों से बातचीत की. हालांकि अभी उत्तराखंड उन राज्यों में शामिल नहीं है, जहां चिंता है, लेकिन सीएम धामी का कहना है कि सरकार कोविड के हालात पर नज़र बनाए हुए है. कोविड की चौथी लहर में बच्चे सुरक्षित रहें इसलिए 5 से 12 साल के बच्चों का वैक्सीनेशन स्कूलों में भी शुरू करने का प्लान है. इधर, देहरादून ज़िला प्रशासन ने मास्क पहनना अनिवार्य करते हुए 500 रुपये तक का जुर्माना करने का नियम जारी किया है.

क्या यात्रियों को दिखानी होगी निगेटिव रिपोर्ट?
चारधाम यात्रा सीज़न में यात्री, गर्मियों में दूसरे राज्यों से आने टूरिस्ट आदि देवभूमि में कोविड का कारण न बनें इसलिए राज्य में टेस्टिंग डबल की जाएगी. बाहर से उत्तराखंड आने वालों की टेस्टिंग को तेज़ और समय के साथ अनिवार्य किया जा सकता है. यह भी कहा जा रहा है अगर नये केसों का आंकड़ा बढ़ा तो राज्य में आने वाले यात्रियों के लिए निगेटिव कोविड रिपोर्ट कैरी करने का नियम फिर लागू हो सकता है.

स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत का कहना है कि चारधाम यात्रा में बाहर से आने वालों को टेस्टिंग के लिए प्रेरित भी किया जाएगा. इधर, कांग्रेस का कहना है कि मास्क न होने पर 500 रुपये का जुर्माना लगाने से काम नहीं चलने वाला, तैयारी और बड़ी करनी होगी. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन महारा ने कहा कि सरकार को कोरोना की रोकथाम संबंधी ब्लू प्रिंट बताना चाहिए.

आपके शहर से (देहरादून)

उत्तराखंड

उत्तराखंड

Tags: Pushkar Singh Dhami, Uttarakhand Corona Update