Dehradun News: अब आप भी कर सकते है मानसखंड झांकी का दीदार, देहरादून में उमड़ी भीड़, हर कोई लेने लगा सेल्फी
रिपोर्ट : हिना आजमी
देहरादून. गणतंत्र दिवस 2023 के अवसर पर कर्तव्य पथ पर उत्तराखंड का मान बढ़ाने वाली मानसखंड झांकी का दीदार अब राज्य का हर नागरिक कर पायेगा क्योंकि अब इस झांकी का एक नमूना राज्यभर में भेजा जाएगा. बुधवार सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गणतंत्र दिवस परेड 2023 में प्रथम स्थान हासिल करने वाली उत्तराखंड राज्य की मानसखंड झांकी के नमूने को राज्य के जनपदों, ब्लॉक मुख्यालय और मुख्य स्थानों पर प्रदर्शन करने के लिए इसका फ्लैग ऑफ किया.
मानसखंड झांकी के टीम लीडर रहे सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक के चौहान ने जानकारी दी कि 5 अप्रैल को मुख्यमंत्री के फ्लैग ऑफ करने के बाद उत्तराखंड के सभी जनपद मुख्यालय पर जिलाधिकारी व स्थानीय विधायकों के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें यह झांकी लोगों को प्रदर्शित की जाएगी. उन्होंने कहा कि राज्य के गठन के बाद पहली बार राष्ट्रीय राजधानी में कर्तव्य पथ पर उत्तराखंड की लोक संस्कृति और धार्मिक विरासत को दर्शाते हुए मानसखंड झांकी को देश में पहला स्थान मिला यह गर्व की बात है. राज्य का हर नागरिक इसे देखना चाहता है. इसके लिए राज्य के जनपदों, ब्लॉक मुख्यालय और मुख्य स्थानों पर इसे भेजा जाएगा, जिससे पहाड़ की जनता भी उस गौरवान्वित पल को महसूस कर सके.
आपके शहर से (देहरादून)
कलाकारों को मिला था 50 हजार का इनाम
संयुक्त निदेशक के चौहान ने बताया कि इस झांकी को बनाने का काम 31 दिसंबर से शुरू किया गया था. उन्होंने बताया कि इसमें कलाकारों की कड़ी मेहनत रही. कड़ाके की ठंड में भी कलाकार सुबह 4 बजे से काम में जुट जाया करते थे और रात 12 बजे तक काम किया करते थे. उन्होंने बताया कि मानसखंड झांकी को बनाने के लिए मेहनत करने वाले इन कलाकारों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तरफ से 50 हजार रुपये देने की घोषणा भी की गई थी.
लोगों ने उत्साह के साथ किया स्वागत
इतिहास के पन्नों में सुनहरे अक्षरों में अपना नाम दर्ज कर उत्तराखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान दर्शाने वाली मानसखंड झांकी में दुनियाभर में मशहूर कॉर्बेट नेशनल पार्क, बारहसिंघा, उत्तराखंड राज्य का राज्य पशु कस्तूरी मृग, देश के राष्ट्रीय पक्षी मोर, उत्तराखंड के प्रसिद्ध पक्षी घुघूती, राज्य पक्षी मोनाल, तीतर, चकोर, ऐपण आर्ट, मंदिर और वनों की खूबसूरती को दिखाया गया है, जिसे निहारने के लिए उत्तराखंड राज्य के लोग उत्साहित दिखाई दिए. बुधवार को गणतंत्र दिवस की परेड में उत्तराखंड राज्य को पहला स्थान दिलाने वाली मानसखंड झांकी राजधानी देहरादून की सड़कों पर जब उतरी, तब लोगों की भीड़ इसे देखने के लिए उमड़ पड़ी. लोग इसे देखने के लिए उत्साहित दिखे, तो वहीं राहगीर झांकी की खूबसूरती के साथ अपनी सेल्फी लेते नजर आए.
झांकी देखकर होता है गर्व
राजधानी देहरादून के निवासी उमाशंकर थपलियाल ने कहा कि यह हमारे लिए खुशी की बात है कि राजधानी दिल्ली में राज्य को पहला स्थान दिलाने वाली झांकी को हम देख पा रहे हैं. हमें बहुत अच्छा लग रहा है.देहरादून के राकेश भंडारी का कहना है कि यह झांकी देखकर हमें बहुत गर्व महसूस हो रहा है क्योंकि इसमें हमारी उत्तराखंड की संस्कृति की झलक दिख रही है. जिस संस्कृति की खूबसूरती से हमारी झांकी ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, उसे अब आम नागरिक देख सकता है.
27 राज्यों की झांकियों में मिला था प्रथम स्थान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि “वह गौरवान्वित पल था जब गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पत पर परेड के दौरान 27 राज्यों की झांकियां उतारी गई थी और उसमें उत्तराखंड की मानसखंड झांकी को पहला स्थान मिला. इसमें उत्तराखंड का परिवेश, जागेश्वर धाम जैसे प्रमुख धाम, जिम कार्बेट, ऐपण कला, पशु, पक्षी, वन व अध्यात्म भूमि का प्रदर्शन किया गया है. गौरवान्वित करने वाली उत्तराखंड की मानसखंड झांकी और हमारी संस्कृति से हमारी युवा और नौनिहाल परिचित हो इसके लिए 5 अप्रैल से 18 मई तक यह कार्यक्रम सुनिश्चित किया गया है.”बता दें कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत चारधाम की तर्ज पर कुमाऊं क्षेत्र के पौराणिक मंदिरों का विकास किया जा रहा है. माना जाता है कि धार्मिक पुराणों में गढ़वाल के केदारखंड और कुमाऊं के मानसखंड का उल्लेख किया गया है. स्कंद पुराण में मानसखंड का जिक्र किया गया है और हिंदू धर्म में जागेश्वर धाम की बहुत मान्यता है. इसीलिए इसे झांकी में शामिल किया गया है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Dehradun news, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : April 05, 2023, 18:19 IST