रिपोर्ट : हिना आज़मी
देहरादून. उत्तराखंड में हर रोज सड़क हादसों में कई लोग अपनी जान गवां देते हैं. कई मामलों में तेज रफ्तार या हेलमेट न लगाने के चलते जान पर बन आती है. यातायात नियम इनसान की जिंदगी को सुरक्षित रखने के लिए बनाए गए हैं. लेकिन कई लोग जल्दबाजी में नियमों को ताक पर रख लापरवाही से सड़कों पर वाहन दौड़ रहे हैं. राजधानी देहरादून में यातायात पुलिस सख्ती बरतने के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाकर यातायात नियमों को मानने की अपील करती है. इसी कड़ी में देहरादून की सड़कों पर लोगों ने जब यमराज को देखा, तो वे हैरान रह गए.
11 जनवरी से देहरादून पुलिस 33वां सड़क सुरक्षा सप्ताह मना रही है, जो 17 जनवरी तक चलेगा. इस कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस प्रतिदिन कुछ न कुछ नया दिखा रही है. इसमें यातायात पुलिस ने रैली निकालकर व यातायात चौपाल लगाकर लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की. वहीं साइकिल से सवारी करनेवालों को फूल दिए.
आपके शहर से (देहरादून)
सड़क सुरक्षा सप्ताह के चौथे दिन ट्रैफिक पुलिसकर्मी कुंवर सिंह बिष्ट यमराज की वेशभूषा धारण कर चौराहे पर खड़े होकर लोगों को जिंदगी और मौत के बीच के फासला बताते नजर आए, जो यातायात नियमों पर निर्भर करता है. सड़क पर उतरे यमराज रूपी ट्रैफिक कर्मी कुंवर सिंह बिष्ट ने लोगों को सीट बेल्ट लगाने, हेलमेट पहनने व यातायात नियमों को मानने का संदेश दिया. इस दौरान उन्होंने हेलमेट न पहनने वाले दोपहिया चालकों को माला पहनाकर जीवन का मूल्य समझाने की भी कोशिश की.
बता दें कि बीते वर्ष 500 से ज्यादा सड़क दुर्घटना के मामले सामने आए, जिनमें 300 लोगों ने जान गंवा दी. देहरादून के एसएसपी दिलीप सिंह कुंवर ने कहा कि कुछ लोगों के यातायात नियमों का उल्लंघन करने से न सिर्फ उन्हें परेशानी होती है बल्कि अन्य लोग भी परेशान होते हैं और कई बार तो लोगों को हादसों का शिकार होना पड़ता है. हादसों को कम करने के लिए लोगों का जागरूक होना जरूरी है. इसलिए देहरादून पुलिस सड़क सुरक्षा अभियान चला रही है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Dehradun news, Traffic Police, Traffic rules
FIRST PUBLISHED : January 16, 2023, 22:39 IST










