Education Department में 6 अगस्त से हो सकते हैं तबादले, थर्ड ग्रेड शिक्षकों को मिलेगी राहत

जयपुर। राजस्थान में शिक्षा विभाग के शिक्षकों को अगले महीने तबादलों को लेकर खुश खबरी मिल सकती है। हरियाणा और ओडिशा की तरह शिक्षकों की तबादला नीति पर अध्ययन करने के बाद शिक्षा विभाग जुलाई-अगस्त में तबादला नीति का प्रस्ताव तैयार कर लेगा। केबिनेट बैठक में मंजूरी के बाद तबादलों से प्रतिबंध हटाया जा सकता है। सम्भवतः 6 या 8 अगस्त से शिक्षकों के ट्रांसफर की राह खुल सकती है।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार हरियाणा में 5 साल तो ओडिशा में 7 साल में ऑटो अपडेट-जनरेट प्रक्रिया के तहत शिक्षकों का दूसरे स्कूलों में तबादला हो जाता है। अगर इस तरह की पॉलिसी लागू हुई तो राजस्थान में भी ऐसा ही होगा। तबादलों से रोक हटने पर शिक्षकों का डेढ़ साल से इंतजार खत्म होगा। पिछले साल गहलोत सरकार ने 15 जनवरी 2023 से सरकारी अधिकारियों कर्मचारियों के तबादलों पर प्रतिबंध लगा दिया था। तब से सरकारी शिक्षक ट्रांसफर की मांग कर रहे है। प्रदेश में बीजेपी की नई सरकार के गठन के बाद करीब 389 दिन बाद ट्रांसफर से रोक हटा ली गई थी लेकिन तब भी शिक्षा विभाग को इससे अलग रखा गया।

By admin