ओडिशा के संबलपुर से बीजेपी उम्मीदवार धर्मेंद्र प्रधान.
ओडिशा में लोकसभा चुनाव के लिए होने वाले मतदान से पहले मौजूदा केंद्रीय मंत्री और संबलपुर से बीजेपी उम्मीदवार धर्मेंद्र प्रधान ने NDTV से खास बातचीत की. इस दौरान उन्होंने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए कहा कि उन्होंने एक छात्र नेता के रूप में संबलपुर से काफ़ी वक़्त गुज़ारा. धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि वह 15 साल के बाद चुनावी रण में उतरे हैं. इतने समय तक वह खुद चुनाव नहीं लड़े बल्कि दूसरों को लड़वाया. उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने और चुनाव लड़वाने में बहुत फ़र्क होता है. वहीं उन्होंने बताया कि आज के समय में चुनाव पहले की तुलना में काफी बदल चुका है. अब सोशल मीडिया इसमें बहुत ही अहम रोल अदा करता है.
यह भी पढ़ें
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि ऐसा लगता है कि अब बहुत कुछ बदल गया है. अब चुनावों में सोशल मीडिया का इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन इससे डीप फेक वीडियो के साथ ही अन्य चुनौतियां भी हैं. सोशल मीडिया का मिसयूज भी आसानी से किया जा रहा है. इसके जरिए अफ़वाहें और झूठी बात फैलाई जाती हैं. उन्होंने एआई की तुलना में ह्युमन इंटेलिजेंस पर ज्यादा भरोसा जताया.
संबलपुर से बीजेपी उम्मीदवार और पार्टी के दिग्गज नेता धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि ओडिशा में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है. ओडिशा में पीएम मोदी की विश्वसनीयता सबसे ज्यादा है. पीएम मोदी की योजनाओं से ओडिशा के लोग सबसे ज्यादा लाभान्वित हुए हैं. पीएम मोदी भी ओडिशा पर भरोसा करते हैं. उन्होंने कहा कि राज्य की जनता तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए तैयार है. बता दें कि ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव साथ-साथ हो रहे हैं. धर्मेंद्र प्रधान ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनवाते हुए कहा कि 2014 में 5000 करोड़ वाला खनिज राजस्व साल 2024 में बढ़कर 50 हज़ार करोड़ हो गया है. केंद्र की उज्ज्वला योजना के सिलिंडर का लाभ 55 लाख लोगों को मिला है. वहीं 34 लाख लोगों को घर मिले हैं.
बीजेपी उम्मीदवार धर्मेंद्र प्रधान ने ओडिशा की नवीन पटनायक सरकार की नाकामियों को गिनवाते हुए कहा कि 60 फ़ीसदी महिलाओं में ख़ूनकी कमी है और 66 फ़ीसदी बच्चे ख़ून की कमी और कुपोषण के शिकार हैं. उन्होंने कहा कि सिर्फ इमारत बनवा देने से इलाज नहीं होता है. सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर तक नहीं हैं. उन्होंने कहा कि पटनायक सरकार पिछले 24 सालों से ओडिशा में है, लेकिन फिर भी हेल्थ सेक्टर का हाल बहुत ही खराब है.
उन्होंने कहा कि नवीन सरकार ने 10 हज़ार करोड़ रुपए पानी पर ख़र्च कर दिया, लेकिन महानदी, हीराकुद डैम के पास गंदगी की वजह से लोग डायरिया का शिकार हो रहे हैं. सिंचाई के लिए पानी तक की किल्लत है. राज्य में शिक्षा का हाल भी बहुत खराब है. शिक्षकों की कमी की वजह से स्कूल बंद हो रहे हैं. बच्चे स्कूलों को छोड़ रहे हैं. उन्होंने एनसीआरबी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि महिलाओं की हालत बहुत ख़राब है. राज्य में माइग्रेशन भी तेजी से हो रहा है. काम नहीं मिलने की वजह से लोग राज्य से पलायन करने को मजबूर हैं. प्राकृतिक संसाधन का मौजूदा सरकार ठीक से इस्तेमाल ही नहीं कर रही है. ओडिशा का 24 साल से विकास नहीं हुआ है. बीजेडी सरकार पर हमलावर धर्मेंद्र प्रधान ने पूछा कि आप सत्ता का सुख ले रहे हैं या विकास कर रहे हैं.
वीके पांडियन को बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने पर धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि साढ़े 4 करोड़ ओडिशा के लोगों में नवीन पटनायक को क्या एक भी उत्तराधिकारी नहीं मिला. वह पिछले दरवाजे से एक बाहरी को ओडिशा पर थोपने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी थी कि एक बाबू यानी कि एक पूर्व नौकरशाह को उन्होंने ओडिशा का चेहरा बना दिया. बीजेडी से गठबंधन के सवाल पर उन्होंने साफ कर दिया कि ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई. उन्होंने कहा कि सीएम पटनायक जहां से चुनाव लड़ते हैं, वह जगह पलायन का गढ़ है. गंजाम जिले से सबसे ज्यादा पलायन हुआ है.
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि बीजेपी विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है. ओडिया समाज से बीजेपी की एक प्रतिबद्धता है. उन्होंने ओडिशा में खाली पड़े सरकारी नौकरी के पदों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि एक लाख सरकारी नौकरी के पद ख़ाली पड़े हैं, लेकिन नवीन सरकार ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया. धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि इस बार बीजेपी ही नंवर-1 बनेगी. उन्होंने साफ किया कि राजनीति में हमारा कोई दुश्मन नहीं है. साथ ही उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास कोई आइडिया, विजन या जिम्मेदारी है ही नहीं.
उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में बीजेपी नंबर-2 थी, लेकिन इस बार वह नंबर-1 पार्टी बनकर उबरेगी. ओडिशा की जनता इस बार बीजेपी के विकास के मॉडल को चुनेगी. बीजेपी नेता ने कहा कि बीजेपी गाली देने वाली पार्टी नहीं है. हम 24 साल की नवीन सरकार की नाकामी के मुद्दे को जनता के सामने उठा रहे हैं. उन्होंने कहा कि ओडिशा के लोग भी इस बार मोदी जी को और समर्थन देंगे.
