Gandhi Jayanti 2023: महात्मा गांधी का अल्मोड़ा से रहा है गहरा नाता, यहां हैं बापू से जुड़ी कई यादें
रोहित भट्ट/अल्मोड़ा. देश की आजादी के लिए जब स्वतंत्रता आंदोलन चरम पर चल रहा था, तो उस समय राष्ट्रपिता महात्मा गांधी (Gandhi Jayanti 2023) अल्मोड़ा भ्रमण पर आए थे. बापू ने 20 जून, 1929 को लक्ष्मेश्वर मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया था और लोगों को सत्यता के रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित किया था. इसके अलावा, युवाओं में आजादी की अलख भी जगाई थी. महात्मा गांधी ने इस मैदान में अपना लोटा भी नीलाम किया था. आज, इस मैदान को गांधी सभा स्थल शहीद पार्क लक्ष्मेश्वर के नाम से जाना जाता है.
दरअसल, कुमाऊं भ्रमण के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी 19 जून, 1929 की शाम को अल्मोड़ा पहुंचे थे। राष्ट्रपिता ने रानीधारा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हरीश चंद्र जोशी के घर पर रात को विश्राम किया. वर्तमान में इस भवन में ग्रेस स्कूल संचालित है. उसके बाद बापू ने 20 जून को लक्ष्मेश्वर के मैदान में जनसभा को संबोधित किया था. नगर पालिका परिषद अल्मोड़ा के द्वारा इस सभा स्थल को संरक्षित किया गया है. यहां पर शहीद स्मारक स्थापित किया गया है, जिसे अब गांधी सभा स्थल शहीद पार्क लक्ष्मेश्वर के नाम से जाना जाता है.
अल्मोड़ा में महात्मा गांधी द्वारा नीलाम किया गया लोटा आज भी सुरक्षित है और इसे व्यापारी धनी साह परिवार के पास ही है. यह चांदी का लोटा महात्मा गांधी द्वारा बार-बार उपयोग किया गया था और भारत की आजादी के लिए उन्होंने अपने बर्तन तक नीलाम कर दिए थे. इसलिए यह लोटा महात्मा गांधी के महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक चरणकों का एक हिस्सा है.
स्थानीय निवासी त्रिलोचन जोशी ने बताया कि स्वतंत्रता आंदोलन के चरम पर जब महात्मा गांधी अल्मोड़ा में थे, तो उन्होंने 19 जून 1929 को अल्मोड़ा के रानीधारा में एक रात विश्राम किया था, जिसे कैसल हाउस के नाम से जाना जाता है. फिर, 20 जून को उन्होंने लक्ष्मेश्वर के मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित किया था. उन्होंने इस स्थल का महत्व बताया और यहां के ऐतिहासिक महत्व को याद दिलाने का संदेश दिया.
स्थानीय निवासी सावल साह ने बताया कि महात्मा गांधी अल्मोड़ा आए थे, तो उनसे जुड़ी सामग्री की नीलामी हुई थी. उनके दादाजी धनी साह ने इस लोटे को 11 रुपए में खरीदा था. उन्होंने बताया कि इस लोटे की महत्वपूर्ण अहमियत है और इसे आज भी संरक्षित रखा गया है.
.
Tags: Almora News, Latest hindi news, Local18, Uttrakhand ki news
FIRST PUBLISHED : October 1, 2023, 15:44 IST