बर्फ के रिंग में बॉक्सिंग प्रैक्टिस करती लड़की का Video वायरल, पिता के सपने को पूरा करने का है जुनून


तनुज पाण्डे/ नैनीताल.उत्तराखंड के नैनीताल में इस हफ्ते की शुरुआत कड़कड़ाती ठंड और बर्फबारी से हुई. ऐसे में अपने सपनों को बचपन से ही बुन रही दीपाली थापा सुबह-सुबह बॉक्सिंग की प्रैक्टिस के लिए रिंग में पहुंच गई और बॉक्सिंग रिंग में बर्फ की चादर के ऊपर मुक्केबाजी की प्रैक्टिस करने लगी. उनके पिता ने बेटी की प्रैक्टिस का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो देखते-देखते चंद घंटों में वायरल हो गया. हर कोई नैनीताल की होनहार बेटी दीपाली का वीडियो देख उनके इतनी छोटी उम्र में अपने सपनों के प्रति जुनून की तारीफ करने लगा.

Local 18 से बातचीत में दीपाली ने बताया कि वह नेशनल टूर्नामेंट के ट्रायल के लिए प्रैक्टिस कर रही है. वह नैनीताल स्थित मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर में कक्षा 7 की छात्रा है. वह रोजाना सुबह एक घंटा और शाम को दो घंटे प्रैक्टिस के लिए स्नो व्यू स्थित नैनीताल बॉक्सिंग एकेडमी में आती है. प्रैक्टिस न छूटे इस वजह से ही उसने कड़कड़ाती ठंड में रिंग में जमी बर्फ की चादर के ऊपर अपनी प्रैक्टिस जारी रखी.

पिता का सपना है मुक्केबाज बनाना
दीपाली बताती है कि उनके पिता का सपना है कि वह बड़ी होकर एक अच्छी बॉक्सर बनकर देश का नाम रोशन करे. दीपाली के पिता रंजीत थापा उत्तराखंड वन विभाग में वन दारोगा के पद पर कार्यरत हैं और इसके साथ ही वह एक अच्छे एथलीट भी हैं. उन्होंने बीपीएड की पढ़ाई की है. वह रोजाना बेटी को प्रैक्टिस के लिए रिंग में लेकर आते हैं और सुबह के समय खुद भी प्रैक्टिस करवाते हैं.

छोटी सी उम्र में बेहद मेहनती है दीपाली
दीपाली की कोच चैनिका साह बताती हैं कि दीपाली इतनी कम उम्र में बेहद मेहनती है. उनका गेम बहुत अच्छा है. उनको उम्मीद है कि दीपाली नेशनल गेम के ट्रायल में भी अच्छा प्रदर्शन करेंगी. चैनिका ने बताया की उनकी अकादमी में सुबह और शाम के समय बॉक्सिंग की प्रैक्टिस करवाई जाती है, जिसमें स्थानीय स्कूली बच्चे भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं.

Tags: Local18, Nainital news