Navratri 2023: नवरात्रि पर जगमगाया देहरादून का सनातन धर्म मंदिर, यहां पूरी होती है हर मनोकामना!
रिपोर्ट- हिना आजमी
देहरादून. उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कई ऐसे भव्य मंदिर हैं, जहां धार्मिक उत्सवों और आयोजनों की रौनक देखते ही बनती है. इन दिनों नवरात्रि का पावन उत्सव देशभर में मनाया जा रहा है और इसकी धूम हर जगह देखने के लिए मिल रही है. देहरादून के एक ऐसे मंदिर के बारे में आज हम आपको बताने जा रहे हैं, जहां नवरात्रि के दिनों में मां दुर्गा के भक्तों की आस्था की तस्वीरें देखने को मिलती हैं और श्रद्धालु अपनी मनोकामना लेकर मां दुर्गा के दरबार में आते हैं. हम बात कर रहे हैं देहरादून के वर्षों पुराने मंदिर श्री सनातन धर्म मंदिर की.
आपके शहर से (देहरादून)
देहरादून की नेहरू कॉलोनी में श्री सनातन धर्म मंदिर स्थित है, जो 1983 में बनवाया गया था. श्री सनातन धर्म मंदिर से जुड़ी मान्यता है कि यहां नवरात्रों में सच्चे मन से श्रद्धालु पूजा अर्चना करते हैं, तो उनकी मनोकामना पूरी होती है. इस भव्य मंदिर में मां दुर्गा, शिव पार्वती, राम लक्ष्मण सीता, शनि देव, हनुमान, श्रीकृष्ण समेत 42 देवी-देवताओं की मूर्ति विराजमान हैं.
1983 में हुआ था मंदिर का निर्माण
मंदिर के पुजारी शास्त्री रमाकांत नौटियाल ने बताया कि इस मंदिर का निर्माण यहां के स्थानीय लोगों द्वारा साल 1983 में छोटे से रूप में किया गया था. उस दौरान शिवालय और भगवान शिव-पार्वती की मूर्ति स्थापित की गई थी, लेकिन धीरे-धीरे श्रद्धालुओं की आस्था ने इस मंदिर का रूप और आकार बदल दिया. उन्होंने बताया कि पुराने समय में यह छोटा सा मंदिर हुआ करता था, लेकिन अब यह एक भव्य मंदिर बन गया है. जब से इस मंदिर में मां दुर्गा की मूर्ति की स्थापना हुई, तो मां शक्ति का प्रभाव यहां दिखने लगा.
विदेशों से लोग आते हैं मां के दर्शन करने
पुजारी शास्त्री रमाकांत नौटियाल ने बताया कि जो भी श्रद्धालु यहां सच्चे हृदय से सच्ची आस्था के साथ अपनी परेशानी मां दुर्गा के सामने रखता है और प्रार्थना करता है, तो उसके संकट दूर होते हैं और मनोकामना पूरी होती है. पिछले 35 वर्षों से श्री सनातन धर्म मंदिर में माता के दर्शन और पूजन के लिए आने वाली विजया अग्रवाल बताती हैं कि यह मंदिर बहुत पुराना है. हम 35 सालों से यहां पर आ रहे हैं क्योंकि मां दुर्गा हमेशा हम पर अपनी कृपा बरसाती है. उन्होंने बताया ना सिर्फ देहरादून से श्री सनातन धर्म मंदिर में लोग आते हैं बल्कि विदेशों से भी इस मंदिर में लोग आते हैं क्योंकि वहां भी इसकी मान्यता है.
देहरादून निवासी वीणा बताती हैं कि जगदीश मंदिर की नींव रखी गई है, तब से वह यहां आ रही है. इस मंदिर की बहुत मान्यता है. यह मंदिर देहरादून में बहुत मशहूर है और यहां महारानी की सिद्ध पीठ है. उन्होंने बताया कि नवरात्रों में यहां धूम रहती है. सुबह शाम यहां पूजा पाठ होता है. श्रद्धालु भी यहां बड़ी संख्या में शामिल होते हैं.
मंदिर में हर मनोकामना होती है पूरी
साल 1985 से इस मंदिर में आने वाली शशि मेहता बताती हैं कि वह इस मंदिर में सुबह-शाम दोनों वक्त आती हैं. वह भोले बाबा को बहुत मानती हैं. सुबह में जल चढ़ाने आती हैं और शाम को वह ज्योत जलाने आती हैं. उन्होंने बताया कि जब भी हम संकट में होते हैं तो भोले बाबा हमें निकालते हैं. उन्हें साक्षात शिव भगवान के दर्शन हो चुके हैं. इस तरह की मान्यताओं के साथ कई श्रद्धालु श्री सनातन धर्म मंदिर नेहरू कॉलोनी में अपनी आस्था के साथ आते हैं और कहां जाता है कि उनकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं.
कहां है श्री सनातन धर्म मंदिर?
अगर आप भी नवरात्रि के इन दिनों में मां दुर्गा के इस भव्य मंदिर में जाना चाहते हैं, तो आप देहरादून के धर्मपुर मंडी जाइए, जहां से कुछ ही कदमों की दूरी पर श्री सनातन धर्म मंदिर स्थित है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Dehradun news, Latest hindi news, Uttarakhand big news
FIRST PUBLISHED : March 27, 2023, 20:05 IST