देहरादून में 35 सिटी बसें बंद, छात्र-नौकरीपेशा लोगों की बढ़ी मुश्किलें, 118 ड्राइवर-कंडक्टर हुए बेरोजगार


हिना आज़मी/ देहरादून. उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में प्रेमनगर-रायपुर रूट की 35 बसों का संचालन बंद होने से यात्रियों को परेशानी हो रही है. खासकर स्कूल, कॉलेज के छात्र, नौकरी करने वाले युवा काफी परेशान हो रहे हैं. बसें न होने से उनपर महंगे किराए का बोझ पड़ गया है. दरअसल इस रूट पर कई कॉलेज और निजी ऑफिस हैं. बसें बंद होने से रोज सफर करने वाले छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को फर्क पड़ रहा है.

सिटी बस महासंघ के अध्यक्ष विजय वर्धन डंडरियाल ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की थी, जिस पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने 3 रूटों की करीब 35 बसों का संचालन बंद करने के आदेश दिए थे. जिसके बाद 26 अगस्त को आरटीओ ने इन सिटी बसों के परमिट रद्द कर दिए. तब से लेकर अब तक इन रूटों के यात्री बेहद परेशान हो रहे हैं. खासकर रोजाना सफर करने वाले यात्री जिनमें स्कूल-कॉलेज के छात्र और नौकरी करने वाले लोग शामिल हैं. बसें बंद होने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई और नौकरीपेशा लोगों के रोजगार पर भी खतरा मंडरा रहा है.

ऐसे बढ़ी परेशानी
इस रूट पर रोजाना सफर करने वालीं काजल सेमवाल ने कहा कि उन्हें रोजाना कॉलेज आना होता है. सिटी बसों के बंद होने से उन्हें कई गाड़ियां बदलनी पड़ती हैं, जिससे यह महंगा पड़ जाता है. इस वजह से कई बार उन्हें देर भी हो जाती है. प्रेमनगर-रायपुर समेत 35 सिटी बसों के संचालन के बंद होने के बाद जहां आम यात्री परेशान हैं, तो वहीं दूसरी तरफ इससे करीब 118 बस ड्राइवर और कंडक्टर का रोजगार भी छिन गया है.

गलत परमिट दिए जाने का आरोप
सिटी बस महासंघ के अध्यक्ष विजय वर्धन डंडरियाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि इन बसों को गलत परमिट दिए गए थे. जिस पर उन्होंने याचिका दाखिल की और हाई कोर्ट में इन पर स्टे लगा दिया. देहरादून के आरटीओ दिनेश पठाई ने जानकारी दी है कि आमजन की समस्याओं को देखते हुए परिवहन मंत्री चंदन रामदास की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने के आदेश है. मोटर व्हीकल एक्ट के तहत यदि कोई मौसमी कारोबार या कोई भी आकस्मिक आवश्यकता पड़ती है तो इसके अंतर्गत टेंपरेरी परमिट जारी किए जा सकते हैं. अब विभाग ही इसमें तय करेगा कि किस नियम के अंतर्गत इसे करना है.

देहरादून का कौन-कौन सा क्षेत्र हुआ प्रभावित?
बता दें कि प्रेमनगर-रायपुर वाया बल्लूपुर चौक-बल्लीवाला चौक-जीएमएस रोड-टिपटॉप वेडिंग प्वाइंट-शिमला बाईपास-आईएसबीटी-रिस्पना पुल-जोगीवाला-नेहरूग्राम-रायपुर वाया बल्लूपुर चौक-किशननगर-घंटाघर-सर्वेचौक-रायपुर रूट पर ये 35 सिटी बसें संचालित होती थीं, जो 26 अगस्त से बंद पड़ी हैं.

Tags: Dehradun news, Uttarakhand news