PM मोदी से मिलेंगे देवप्रयाग विधानसभा के छात्र, वंदे भारत ट्रेन से 25 सितंबर को जाएंगे दिल्ली
कमल पिमोली/श्रीनगर गढ़वाल. अपनी अनोखी पहल के लिए सुर्खियों में रहने वाले उत्तराखंड के देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी इस वर्ष भी विधानसभा के हाई स्कूल टॉपर छात्रों को भारत भ्रमण करेंगे. 24 सितंबर से होने वाले भारत दर्शन कार्यक्रम के लिए इस बार विधानसभा के 90 छात्रों का चयन किया गया है. यह सभी छात्र देवप्रयाग विधानसभा के सरकारी व गैर-सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत छात्र हैं. इन्होंने दसवीं की परीक्षा में उच्च अंक प्राप्त किये हैं.
बता दें कि, विधायक विनोद कंडारी ने वर्ष 2019 में भारत दर्शन कार्यक्रम की शुरुआत की थी. इस दौरान उनकी इस पहल को काफी सराहा गया था. इसके बाद कोरोना के कारण भारत दर्शन कार्यक्रम आगे नहीं बढ़ पाया, लेकिन वर्ष 2022 में दोबारा चुनाव जीतने के बाद विधायक विनोद कंडारी ने अपनी इस पहल को जारी रखा ओर छात्रों को देश के प्रतिष्ठीत संस्थानों में लेकर गये.
विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि भारत दर्शन कार्यक्रम इस बार इसलिए भी खास होने वाला है क्योंकि उनकी विधानसभा के छात्रों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का मौका मिलेगा. इसके लिए उनके द्वारा प्रधानमंत्री कार्यालय में पत्र भेजा गया था. इसके अलावा, देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से भी छात्र मुलाकात करेंगे. साथ ही, यह छात्र आईआईटी जैसे शैक्षणिक संस्थानों समेत देश की ऐतिहासिक धरोहरों, इंडिया गेट, विज्ञान धाम, नये संसद भवन, राष्ट्रपति भवन का भी भ्रमण करेंगे. विधायक बताते हैं कि इससे छात्र देश की ऐतिहासिक धरोहरों को करीब से जानेंगे व अपने जीवन में लक्ष्य निधार्रण को लेकर भी यह पहल छात्रों के लिए मददगार साबित होगी.
वंदे भारत एक्सप्रेस से होंगे दिल्ली रवाना
भारत दर्शन कार्यक्रम के तहत 24 सितंबर को विधानसभा के 90 चयनित छात्र व कुछ शिक्षक विधायक विनोद कंडारी के साथ कीर्तिनगर से देहरादून के लिए रवाना होंगे. यहां प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करने के बाद 25 सितंबर को वंदे भारत एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए रवाना होंगे. बताया कि यह कार्यक्रम 30 सितंबर तक चलेगा. इस दौरान प्रधानमंत्री , शिक्षा मंत्री समेत अन्य केन्द्रीय मंत्री छात्रों का मार्गदर्शन करेंगे. साथ ही बताया कि वें छात्रों के करियर काउंसलिंग को लेकर भी कोशिश कर रहे हैं जिससे कि पहाड़ का छात्र हाई स्कूल, इंटर तक पहुॅचते-पहुॅचते यह निर्धारित कर ले कि उसे भविष्य में क्या करना है और किस क्षेत्र में अपना करियर बनाना है.
‘भारत दर्शन‘ हो सरकारी कार्यक्रम घोषित
देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि भारत दर्शन सरकारी कार्यक्रम बनें इसके लिए मुख्यमंत्री से भी आग्रह किया जायेगा. बताया कि अभी तक वे अपने निजी खर्चे से यह आयोजन करते हैं. लेकिन अगर यह सरकारी कार्यक्रम घोषित हो गया तो इसका लाभ प्रदेश के तमाम छात्रों को मिल पायेगा. व वें भी कोशिश करेंगे की अपनी कक्षा में टॉप कर भारत दर्शन का हिस्सा बनें. इससे छात्रों में प्रतिस्पर्धा व पढ़ाई के प्रति रूची बढ़ेगी.
.
Tags: Local18, Pauri Garhwal News, PM Modi, Uttarakhand news, Vande bharat train
FIRST PUBLISHED : September 04, 2023, 14:35 IST