Negative Effects Of Scolding Children: बच्चों को पेरेंट्स अक्सर डांट देते हैं. लेकिन ऐसा करना गलत है. इसी बारे में लोकल 18 ने बात की अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज की मनोचिकित्सक डॉ. वीना तेजना से. आइए जानते हैं उन्होंने डांटने के क्या नुकसान बताए.
उन्होंने बताया कि बच्चों के साथ दोस्त बनकर रहना आवश्यक है. यदि बच्चा कोई गलती करता है, तो उसे प्यार से समझाने की जरूरत है. गुस्से या चिल्लाने से बच्चों में गलत आदतें विकसित हो सकती हैं.
गुस्से से बच्चों में नकारात्मक आदतों का विकास
डॉ. वीना तेजना का मानना है कि आजकल कई अभिभावक अपने निजी तनाव या गुस्से का असर बच्चों पर निकालते हैं. इसके साथ ही, कई बार वो बच्चों पर अपनी इच्छाएं थोपने की कोशिश करते हैं, जिससे बच्चों का आत्मविश्वास घटने लगता है. नतीजतन, कुछ बच्चे अपनी बात कहने से डरते हैं और अपने पेरेंट्स की बातों को अनसुना करने लगते हैं.
इसे भी पढ़ें: बच्चों की पढ़ाई की भूल जाएं टेंशन, मुफ्त में हो जाएगा दाखिला, इस सरकारी योजना का उठाएं लाभ
इस उम्र में दिखते हैं गलत आदतों के लक्षण
उन्होंने बताया कि अगर बच्चों पर लगातार गुस्सा किया जाए या उन्हें डांटा जाए, तो उनमें कई नकारात्मक लक्षण विकसित हो सकते हैं. इनमें स्कूल बंक करना, पैसे चुराना, दोस्तों के साथ दुर्व्यवहार या बुली करना जैसे व्यवहार शामिल हो सकते हैं. विशेष रूप से 3 से 12 साल की उम्र के बच्चों में ये लक्षण अधिक देखने को मिलते हैं. उनका मानना है कि बच्चों के बचपन के अनुभव उनके व्यक्तित्व पर गहरा प्रभाव डालते हैं. यदि बचपन का अनुभव नकारात्मक रहा हो, तो आगे चलकर उनके व्यक्तित्व में समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं.
दोस्त की तरह करें ट्रीट
बच्चों के गलत व्यवहार को रोकने का सबसे सरल तरीका यह है कि अभिभावक अपने बच्चों को समझें और उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनें. यदि बच्चों को स्कूल, कॉलेज या ट्यूशन में किसी प्रकार की परेशानी हो, तो उनसे बातचीत करें और उन्हें अपने साथ सहज महसूस कराएं. बच्चों से केवल प्यार और संयम से बात करें, ताकि वे अपने मन की बात साझा कर सकें और सही दिशा में बढ़ सकें.
Tags: Local18, Parenting tips
FIRST PUBLISHED : September 26, 2024, 13:02 IST
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.
