UK Board Result : सिक्योरिटी गार्ड की बेटी बनी 12 वीं की टॉपर! JEE मेंस भी किया क्वालीफाई, अब ये है लक्ष्य


दीक्षा/हल्द्वानी. उत्तराखंड बोर्ड के 10वीं और 12वीं का रिजल्ट घोषित हो चुके हैं, जिसमें कई बच्चों ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है. हर साल की तरह एक बार फिर राज्य की बेटियां ने अपना लोहा मनवाया है. हल्द्वानी के हरगोविंद सुयाल कॉलेज की छात्रा कंचन ने इंटरमीडिएट में टॉप किया है. मूल रूप से छोटा कैलाश वर्तमान में कुसुमखेड़ा निवासी कंचन ने 97.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्तराखंड में टॉप किया हैं. रिजल्ट आने के बाद कंचन के स्कूल और घर में खुशी का माहौल है.

कंचन ने बताया कि उनके पिता एसबीआई बैंक में सिक्योरिटी गार्ड है व माता गृहिणी है. उन्होंने अपने टॉप करने का श्रेय अपने माता-पिता को दिया. कंचन ने बताया कि पढ़ाई में उसके माता-पिता और शिक्षकों ने पूरा सहयोग दिया. कंचन ने जेईई मेंस का पेपर क्वालीफाई कर लिया है और वह भविष्य में इंजीनियर बनना चाहती है.

पढ़ाई के साथ-साथ खेल कूद में भी अव्वल
कंचन ने बताया कि उनहें पढ़ाई के अलावा डांसिंग, सिंगिंग, पेंटिंग करने का भी शौक है. इसके साथ ही वह स्कूल लेवल में कबड्डी, खो-खो आदि खेल भी खेलती है और फुटबॉल और क्रिकेट खेलना भी पसंद है.

भाई ने हाईस्कूल में मारी बाजी
कंचन ने बताया की आज ही उनके छोटे भाई अखिलेश का भी हाईस्कूल का रिजल्ट भी आया है. अखिलेश ने 92.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर घर में खुशी दोगुनी कर दी. गौरतलब है कि दोनो भाई-बहन साथ में बैठकर परीक्षा की तैयारी करते थे. कंचन ने बताया कि गणित उनका पसंदीदा विषय है. उन्हें गणित में 100, भौतिक विज्ञान में 98, रसायन विज्ञान में 97, अंग्रेजी में 99 व हिन्दी में 94 अंक मिले हैं.

Tags: Education, Haldwani news, Local18, Uttarakhand news

By

Leave a Reply