Last Updated:
Uttarakhand Weather 6 August : उत्तराखंड में कुछ दिनों से हल्की से मध्यम बारिश हो रही थी, लेकिन बीते 48 घंटों में मौसम ने अचानक करवट ली और तबाही आ गई. आज भी कई जगहों पर सुकून नहीं मिलने वाला.
अभी और डराएगा
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज (06 अगस्त) उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंहनगर के कई इलाकों में तेज बारिश देखने को मिल सकती है. यही कारण है कि विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है. देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, राज्य के सभी जिलों में बारिश देखने को मिलेगी. इस दौरान बिजली चमकने और कहीं-कहीं गर्जन के साथ-साथ तेज बारिश होने के आसार हैं.
उत्तराखंड पर्वतीय राज्य है. यहां मौसम विभाग की चेतावनी पर बहुत ध्यान दिया जाता है. आए दिन बादल फटने और भूस्खलन की घटनाएं आम हो चली हैं. मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए अलग से येलो अलर्ट जारी किया है. देहरादून, नैनीताल, चंपावत और पौड़ी जिलों में भी झमाझम बारिश के आसार हैं. ऐसे में लोगों को बेहद चौकन्ना रहना होगा, क्योंकि मानसूनी बरसात कब आफत में बदल जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता है.
हल्के में न लें इसे
मंगलवार को उत्तरकाशी के धराली में बाढ़ के कारण जमींदोज होते मकानों और भागते लोगों का वीडियो रोंगटे खड़े करता है. राज्य के दूसरे इलाकों में भी भूस्खलन और गदेरों के उफान की घटनाएं देखने को मिली. जोशीमठ के ऐरा गदेरे में बादल फटने के कारण धौली नदी में भारी मलबा आ गया था. आलम ये है कि राज्य के कई हाइवे भूस्खलन के कारण बाधित हैं. भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड और बादल फटने की घटनाएं बढ़ रही हैं. ऐसे में आगामी 24 घंटे राज्य के लिए बेहद अहम हो सकते हैं. मौसम विभाग के अलर्ट को हल्के में न लें.
