देहरादून. पहाड़ों पर बादलों का जमघट, आसमान में गड़गड़ाहट और ज़मीन पर लोगों की बेचैनी, उत्तराखंड का मौसम इन दिनों राहत और खतरे का खेल खेलता नजर आ रहा है. लगातार दो दिन की मूसलाधार बारिश और रेड अलर्ट की दहशत के बाद आज जरा सी राहत की खबर है, लेकिन खतरा पूरी तरह टला नहीं. मौसम विभाग ने बुधवार को 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. यानी हालात संभले तो हैं, पर आसमान अब भी बिजली की कड़क और भारी बारिश की बरसात के लिए तैयार खड़ा है. लगातार नदियों का बढ़ता जलस्तर भी चिंता का कारण बन रहे हैं. जानिए, आज उत्तराखंड का मौसम कैसा रहने वाला है.
इन 6 जिलों में अलर्ट
उत्तराखंड में दो दिन लगातार रेड अलर्ट के बाद कुछ हद तक मौसम आज राहत देने वाला है. हालांकि मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. यानी खतरा रेड अलर्ट के मुकाबले ज्यादा नहीं है. देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज यानी बुधवार (03 सितंबर) देहरादून, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, ऊधमसिंहनगर, बागेश्वर जिलें के कई इलाकों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है. कई जगहों पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी पूरी संभावना है.
यहां अभी खतरा टला नहीं
आज के लिए जारी मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बुधवार को पौड़ी, टिहरी, चमोली, पितौरागढ़ समेत दूसरे जिलों में येलो अलर्ट रहेगा. मतलब, भले ही इन जगहों पर रेड अलर्ट जैसी तेज बारिश नहीं देखने को मिलेगी लेकिन कई इलाकों में एक या दो तीव्र दौर की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने कहा है कि हरिद्वार जिले के कई जगहों में बादलों की तेज़ गड़गड़ाहट और बिजली चमकने के आसार हैं. IMD के अलर्ट को देखते हुए चमोली और चंपावत जिले में आज भी स्कूल बंद रहेंगे.
दो दिन से उत्तराखंड के सभी जिलों का मौसम बेहद डरावना बना हुआ था. देहरादून समेत आस-पास के इलाकों में लगातार मूसलाधार बारिश होती रही. हालांकि शाम होते ही वर्षा कुछ देर के लिए रुकी, लेकिन जैसे-जैसे सूरज ढलता गया वैसे-वैसे बादलों ने बूंदाबांदी की स्पीड बढ़ा दी. मंगलवार की मूसालाधार बारिश के चलते कई जिलों में भूस्खलन तो कहीं रोड बंद होने की सूचनाएं मिलती रही. आलम ये रहा कि रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही बारिश के चलते भू-धंसाव होने से सोनप्रयाग स्थित शटल पार्किंग धंसने से कुछ वाहन भी चपेट में आ गए.
Tags: Dehradun news, Local18, Uttarakhand weather, Uttarakhand Weather Alert
FIRST PUBLISHED : September 3, 2025, 02:01 IST
