उत्तराखंड के इस जिले में खुला 'पैड बैंक', यहां से फ्री में लें सेनेटरी नैपकिन


रोहित भट्ट
अल्मोड़ा. 
आप में से हर किसी ने ब्लड बैंक, वॉटर बैंक या फिर पैसे के लेन देन वाले बैंकों का नाम तो सुना होगा लेकिन उत्तराखंड के अल्मोड़ा में पहली बार ऐसा पैड बैंक खुला है, जहां से कोई भी निशुल्क में सेनिटरी पैड ले जा सकता है. साथ ही कोई भी यहां पैड डोनेट कर सकता है. अल्मोड़ा में इसकी शुरुआत सोच संस्था द्वारा की गई है.

अल्मोड़ा के मिलन चौक के पास स्थित खम्पा मार्केट में स्थित सोच संस्था के ऑफिस में पैड बैंक खुला है, जहां से जरूरतमंद लड़कियां और महिलाएं यहां से सेनेटरी पैड मुफ्त में ले जा सकती हैं. अल्मोड़ा के रहने वाले आशीष पंत ने इसकी शुरुआत की है.

‘न्यूज़ 18 लोकल’ से खास बातचीत में उन्होंने बताया पिछले तीन सालों से वह माहवारी संबंधित जागरूकता अभियान चला रहे हैं. दिसंबर 2022 में उन्होंने इस संस्था को पंजीकृत कराया और स्कूल और दूरदराज क्षेत्रों में जाकर मासिक धर्म से संबंधित बातें महिलाओं और छात्राओं से साझा की, तो पता चला कई जगह पर उन्हें पैड से संबंधित जानकारी ही नहीं थी. जिसको लेकर उन्होंने उन जगहों के साथ और अन्य जगहों में कैंपेनिंग कर इसके बारे में जागरूक किया. अभी तक वह 50,000 सेनेटरी पैड बांट चुके हैं. आशीष बताते हैं कि आने वाले समय में और भी सेनेटरी पैड निशुल्क दिए जाएंगे. इसके अलावा लगातार कैंपेनिंग कर महिलाओं और छात्राओं से बातचीत की जाएगी.

वालंटियर प्रियंका सलाल ने बताया कि जब वह कैंपेनिंग के दौरान गांव या फिर स्कूल में गए, तो पीरियड्स का नाम सुनकर छात्राएं और महिलाएं अपना सिर झुका ले रही थीं. प्रियंका बताती हैं जब वह दूरस्थ क्षेत्रों में गए, तो वहां की महिलाओं को सेनेटरी पैड की जानकारी नहीं थी और कई जगह पर तो उनके पास पैड खरीदने तक के पैसे नहीं थे. लगातार उनकी संस्था महिला और छात्रों के बीच जाकर जागरूक कर उन्हें निशुल्क पैड दे रही है.

वालंटियर दीपाली भट्ट ने बताया कि निशुल्क पैड बैंक खुलने से काफी लोग यहां पर आ चुके हैं. कई लोगों ने डोनेट भी किए हैं. इसके अलावा कई छात्राएं और महिलाएं हैं, जो निशुल्क में पैड ले जा रही हैं. सुबह 10 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक यह बैंक खुलता है. अल्मोड़ा वासी इस मुहिम की खूब सराहना कर रहे हैं.

ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|

FIRST PUBLISHED : March 04, 2023, 15:14 IST

By admin

Leave a Reply