गौरव पथ पर फैल रहे कीचड़ और गंदे पानी से जनता परेशान

केबलनगर। आलनिया नदी समीप राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की ओर जा रहे गौरव पथ पर  फैल रहे कीचड़ और गंदे पानी से लोग परेशान हो रहे हैं। नालियां नहीं बनने से पानी की निकासी  नहीं हो रही है। जिससे आम रास्ते पर कीचड़ व गंदगी फैल रही है। जिसके चलते आमजन व स्कूली छात्र छात्राएं परेशान है। इस समस्या को लेकर कई बार ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन को भी अवगत करवाया गया परंतु समस्या जस की तस बनी हुई है। वहीं ग्राम विकास अधिकारी को फोन करने पर वह फोन नहीं उठाती तथा समस्या को लेकर पंचायत में जाते हैं तो समस्या का समाधान भी नहीं होता। ऐसी स्थिति के चलते लोग गंदगी से गुजरने को मजबूर हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गौरव पथ निर्माण के समय नालियां नहीं बनाई गई। जिसके चलते पानी की निकासी नहीं हो रही है तथा घरों से बहता पानी सड़क पर फैल रहा है। 

गंदगी के बीच से गुजर रहे लोग….. 
वहीं लोग गंदगी के बीच से गुजर रहे हैं। कुछ वर्ष पूर्व हाट बाजार से आलनिया नदी तक गौरव पथ का निर्माण तो करवाया गया परंतु नाली निर्माण नहीं करवाया गया। जिससे घरों से निकलने वाला पानी रास्ते पर फैल रहा है। वहीं दुर्गंध के चलते बस्तीवासियों के जीना दुश्वार हो  रहा है। वही अभी बरसात का समय है। ऐसे में तेज बरसात होने पर पानी की निकासी नहीं होने से लोगों के घरों में पानी भरने की समस्या से भी जूझना पड़ेगा। 

पनप रहे मच्छर, बीमारियों का बना खतरा….
वहीं इस गंदे पानी में मच्छर भी पनप रहे हैं। जिससे बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। साथ ही विद्यालय का मुख्य रास्ता होने से बड़ी संख्या में छात्र इसी रास्ते से गुजरते हैं परंतु रास्ते में कीचड़ फैलने से  उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं फिसलन के चलते कई बार छोटे बालक इनमें गिर जाते हैं। जिससे उनके कपड़े व पाठ्य सामग्री भी खराब हो जाती है तथा उन्हें वापस अपने घरों को लौटना पड़ता है। 

ग्रामीणों का यह है पीड़ा
ग्राम पंचायत को कई बार अवगत करवाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। 
–  मानाराम गुर्जर, ग्रामीण। 

मुख्य रास्ते पर कीचड़ फैलने से स्कूल जाने वाले छात्रों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है तथा बच्चे गंदगी में गिर रहे हैं। 
– रतन गुर्जर,  ग्रामीण। 

घरों के आगे गन्दला पानी भरा हुआ है। जिससे उठती दुर्गंध के चलते रहना दुश्वार हो रहा है। 
– हेमराज गुर्जर, ग्रामीण। 

कई बार ग्राम विकास अधिकारी को अवगत करवाने के बाद भी कोई समाधान नहीं हो रहा है। वहीं समस्या को लेकर पंचायत में जाते हैं तो पंचायत प्रशासन से कोरे आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिलता। 
– सुवालाल गुर्जर, ग्रामीण। 

इनका कहना है
समस्या को दिखवाया जाएगा तथा जल्द से जल्द लोगों की समस्या का समाधान करवाया जाएगा। 
– शैलेश रंजन, विकास अधिकारी, पंचायत समिति लाडपुरा।  

By admin