तालेड़ा। लंबे समय से चले आ रहे तालेड़ा से केशव राय पाटन तक सड़क मार्ग का कार्य बहुत ही धीमी गति से चल रहा है। दो साल में अब तक महज 11 किमी की सीसी सड़क का काम ही हुआ है जबकि 14 किमी की सीसी और डामरीकरण का काम अभी भी बाकी है। खस्ताहाल सड़क की वजह से आमजन को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। बदहाल सड़क आमजन के लिए आवाजाही में आफत का कारण बनती जा रहा है। कच्ची रोड पर उड़ती धूल से इस सड़क से निकल दुभर हो गया है। जबकि जिम्मेदार पीडब्ल्यूडी के अधिकारी आंखे मुंदे बैठे है। जानकारी के अनुसार तालेड़ा से केपाटन तक 25 किमी तक सीसी रोड और डामरीकरण का काम होना था लेकिन विगत दो साल में महज 11 किमी सीसी रोड का काम ही बाकी है। काम के कछुआ चाल अब मुश्किलें ओर बढ़ा रहा है। अब 4 किमी सीसी रोड और 10 किमी डामरीकरण का काम अभी भी बाकी है। इसके कारण आमजन को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालक एवं रास्ते में चलने वाले लोग प्रतिदिन नई-नई समस्याओं से सामना कर रहे हैं। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता एवं आमजन अनेक बार प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधि से समस्याओं के बारे में मिलकर आ चुके हैं। हर बार आश्वासन ही मिलता है। परंतु लंबे समय से निराशा हाथ लगी हुई है।
ग्रामीणों का दर्द
जमीदपुरा से आगे तक का रोड अधूरा होने के कारण दुपहिया वाहन तथा रास्ते में चलने वाले लोगों को भारी मात्रा में तकलीफ हो रही है।
– पूर्व सरपंच नंद बिहारी चौधरी, जमीतपुरा
गिट्टी एवं मिट्टी उड़ने के कारण आवाजाही मुश्किल हो रहा है। धूल उड़ने से वातावरण प्रदूषित हो रहा है तथा चलते हुए वहां से गिट्टी पत्थर लगने का डर रहता है।
– रामदयाल चौधरी, भाजपा नेता
लंबे समय से तालेड़ा-केपाटन सड़क का काम बहुत धीमी गति से चल रहा है। इस कारण स्कूलों में आने जाने विद्यार्थी सहित आम जन भी परेशान हो रहे हैं।
– विक्रम सिंह,समाजसेवी
अनेक बार समस्याओं को लेकर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को समय-समय पर बताया गया कि क्षेत्र के निवासी तथा परेशान हो रहे हैं। लेकिन पीडब्ल्यूडी के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे है।
– नवीन चौधरी, महाराजा सूरजमल फाउंडेशन के जिला अध्यक्ष
सीसी सड़क का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, बचे हुए हिस्से में डामरीकरण के लिए कार्य किया जा रहा है शीघ्र ही डामरीकरण हो जाएगा।
– एसएन मीना, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी
