हाइलाइट्स
आदर्श रामलीला कमेटी की रामलीला भीमताल के डांठ में शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक 26 सितंबर से होगी.
इस बार रावण का किरदार निभा रहे हैं 48 साल के जितेंद्र सिंह बिष्ट. वे नौकुचियाताल में साड़ी बिजनेस करते हैं.
रिपोर्ट: हिमांशु जोशी
भीमताल. नवरात्र बस शुरू होने वाला है और इसी के साथ उत्तराखंड की कई जगहों पर रामलीला शुरू होने वाली हैं. इस बार भीमताल की आदर्श रामलीला कमेटी की रामलीला कई अर्थों में बिल्कुल अलग होगी. इस बार यहां की रामलीला में छोटी-छोटी बच्चियां मुख्य किरदार में नजर आएंगी. यानी रामायण के महत्त्वपूर्ण किरदार – राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और सीता – की भूमिकाएं क्लास नाइंथ तक की बच्चियां निभाती नजर आएंगी. इन छोटी बच्चियों को रिहर्सल करते देखना बहुत रोचक अनुभव से गुजरने जैसा है.
आदर्श रामलीला कमेटी की रामलीला भीमताल के डांठ में 26 सितंबर से शुरू होगी. इस बार इस रामलीला में राम की भूमिका में नजर आएंगी नौंवी क्लास पढ़ने वाली जिया मनराल, जबकि लक्ष्मण बनीं यशस्विनी भी नौंवी की ही छात्रा हैं. वृद्धि पांडे और कात्यायनी पांडे चौथी क्लास की बच्चियां हैं जो क्रमश: भरत और शत्रुघ्न का रोल अदा करेंगी. सीता के किरदार में नजर आएंगी गायत्री सिंह, जो सातवीं में पढ़ती हैं. बता दें कि राम, लक्ष्मण और शत्रुघ्न भीमताल के वुड ब्रिज स्कूल में पढ़ती हैं, जबकि भरत जाती हैं हरमन माइनर स्कूल और सीता भीमताल के शिशु मंदिर में पढ़ती हैं.
इस रामलीला के मंचन के दौरान राम-रावण युद्ध का दृश्य बहुत रोचक बनने वाला है. रावण का किरदार निभा रहे हैं 48 बरस के जितेंद्र सिंह बिष्ट. वे नौकुचियाताल में साड़ी का बिजनेस करते हैं. तो यह जो राम-रावण के युद्ध का दृश्य होगा, उसमें राम बनकर नौंवी क्लास में पढ़ने वाली बच्ची मनराल रावण बने 48 बरस के जितेंद्र सिंह बिष्ट से युद्ध करेंगी. जाहिर है मंच पर रावण अपने मायावी चरित्र के मुताबिक विशाल कद-काठी का नजर आएगा, जबकि मनराल राम के आमजन होने का भ्रम देंगी. और एक आम कदकाठी के राम के हाथों विशालकाय मायावी रावण का मारा जाना दर्शकों को अतिरिक्त सुख देगा.
बता दें कि यह रामलीला रोज शाम करीब 7 बजे से रात 11 बजे तक होगी. इस बार नगर की बेटियां पहली बार रामलीला में अभिनय करती हुई दिखाई देंगी. इससे पहले हर साल केवल पुरुष ही रामलीला मंचन में अभिनय कर दर्शकों का दिल जीतते रहे हैं. राम की भूमिका कर रहीं जिया मनराल ने बताया कि वह राम के किरदार को मंच पर दर्शकों के सामने प्रस्तुत करने के लिए काफी उत्सुक हैं. यशस्विनी का कहना है कि लक्ष्मण का पात्र मिलने से वह काफी खुश हैं. रामलीला कमेटी के सदस्यों की तरफ से उन्हें काफी मदद और प्रोत्साहन मिल रहा है.
भीमताल की आदर्श रामलीला कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह फर्त्याल ने बताया कि बीते 23 अगस्त से ही रामलीला का रिहर्सल चल रहा है. इस साल पहली बार नगर की बेटियों को रामलीला में मुख्य पात्र निभाने का मौका दिया जा रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य कन्याओं को बढ़ावा देना और संस्कृति से रू-ब-रू करवाना है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Dussehra Festival, Nainital news, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : September 23, 2022, 14:25 IST
