ऋषभ के 12वीं में 96% अंक, YouTube की ली मदद, बनना चाहते हैं बैंकिंग अफसर
Last Updated:
CBSE 12th Result Bageshwar Topper: ऋषभ शाह हर रोज 5 से 6 घंटे पढ़ाई करते थे. वह ऑफलाइन ट्यूशन के साथ-साथ यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म्स का भी सहारा लेकर कठिन विषयों को समझते थे.
ऋषभ शाह ने 12वीं में 96 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं.
बागेश्वर. CBSE बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट घोषित हो गया है. उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से एक और होनहार छात्र ने अपनी मेहनत और लगन से जिले का नाम रोशन किया है. कंट्रीवाइड पब्लिक स्कूल कठायतबाड़ा में पढ़ने वाले ऋषभ शाह ने 12वीं की परीक्षा में 96 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं. उनकी इस शानदार सफलता की खबर फैलते ही पूरे जिले से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं. ऋषभ की इस उपलब्धि के पीछे उनका अनुशासित दिनचर्या और नियमित अध्ययन रहा. ऋषभ रोजाना 5 से 6 घंटे पढ़ाई करते थे. वह ऑफलाइन ट्यूशन के साथ-साथ यूट्यूब जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी सहारा लेकर कठिन विषयों को समझते थे. उन्होंने तकनीक का सही उपयोग करते हुए अपनी पढ़ाई को व्यवस्थित किया.
ऋषभ ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है. उनके ताऊ जी और रेडक्रॉस सोसाइटी के पूर्व अध्यक्ष संजय शाह जगाती ने लोकल 18 को बताया कि ऋषभ शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रहा है और उसका सपना बैंकिंग अफसर बनने का है. ऋषभ के पिता पंकज कुमार गरुड़ तहसील में राजस्व उपनिरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं जबकि माता किरण शाह गृहिणी हैं और परिवार की मजबूत नींव हैं. फिलहाल ऋषभ दिल्ली यूनिवर्सिटी में दाखिले के लिए प्रयासरत है. वह अभी एग्जाम के लिए हल्द्वानी में है. उसका लक्ष्य है कि वह आगे की पढ़ाई के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं की भी तैयारी करें और जल्द ही बैंकिंग क्षेत्र में एक सफल अधिकारी के रूप में अपनी पहचान बनाए.
स्कूल की शान ऋषभ शाह जैसे छात्र
कंट्रीवाइड पब्लिक स्कूल कठायतबाड़ा की प्रिंसिपल अपर्णा कांडपाल ने भी ऋषभ शाह की मेहनत और अनुशासन की सराहना की. उन्होंने कहा कि ऋषभ जैसे छात्र स्कूल की शान होते हैं और बाकी छात्रों को भी उससे प्रेरणा लेनी चाहिए. ऋषभ की सफलता यह साबित करती है कि अगर लगन और समर्पण हो, तो किसी भी मंजिल को पाया जा सकता है. बहरहाल उनका यह सफर निश्चित रूप से जिले के अन्य छात्रों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बनेगा. उन्होंने स्कूल के अन्य विद्यार्थियों को भी शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कहा कि मेहनत और कठिन परिश्रम से किसी भी मुकाम को पाया जा सकता है. स्कूल से जारी जानकारी के अनुसार, ऋषभ को जिला टॉपर भी बताया गया है. जिसके बाद स्कूल स्टॉफ में खुशी का माहौल है.