तेंदुए का ऐसा आतंक नहीं देखा होगा, इंसानों पर हो रहे हमले से ग्रामीणों में ख़ौफ


हिमांशु जोश/पिथौरागढ़. पिथौरागढ़ जिले की गंगोलीहाट तहसील में गुलदार/तेंदुए  के आतंक से लोग परेशान हैं. इस इलाके में लगातार गुलदार के इंसानों पर हो रहे हमले से ग्रामीण ख़ौफ में है. यहां एक बच्चे की मौत भी हो चुकी है जिसके बाद वन विभाग अभी तक इसी गांव से 2 गुलदार पकड़ चुका है. फिर भी इस इलाके में गुलदार सक्रिय है और लगातार आबादी के आसपास देखा जा रहा है.

यहां के ग्रामीणों ने गुलदार को आदमखोर घोषित कर जान से मारने की मांग की है और वन विभाग के खिलाफ सड़कों में उतर कर प्रदर्शन भी किया है और जल्द गुलदार को ढेर ना करने की स्थिति में अनशन की चेतावनी भी दी है. यहां के स्थानीय निवासी और प्रदर्शनकारी गोपाल सिंह का कहना है कि वन विभाग अब तक 2 गुलदार पकड़ चुका है उसके बावजूद गुलदार का हमला रुक नहीं रहा, साथ ही उन्होंने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर संदेह जताते हुए कहा कि पकड़े गए गुलदार आदमखोर हैं या नहीं इसका पता भी विभाग नहीं लगा पा रहा है. जिस गुलदार की वजह से बच्चे की मौत हुई स्थानीय लोगों के अनुसार वह इन पकड़े गए गुलदारों से अलग था. वहीं, यहां के एक अन्य स्थानीय व्यक्ति भवान सिंह का कहना है कि जब तक गुलदार मारा नहीं जाता तब तक इस क्षेत्र के स्कूल को खुलने नहीं दिया जाएगा.

मदद का दिया आश्वाशन 
इन सब मामलों को लेकर पिथौरागढ़ के वनाधिकारी विजय मोहन दगाड़े से जब सवाल किया गया तो उन्होंने बताया कि दो गुलदार को पकड़ने में विभाग कामयाब रहा है और भी अगर इस इलाके में गुलदार हैं तो इसके लिए विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है. उन्होंने ग्रामीणों को हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया है.

.

FIRST PUBLISHED : July 27, 2023, 17:46 IST

By admin

Leave a Reply