भूत या मास हिस्टीरिया? कहानी वही-स्कूल अलग, चीखते हुए क्लास से दौड़कर बेहोश हुईं 20 छात्राएं, हड़कंप मचा


रिपोर्ट – सुष्मिता थापा
बागेश्वर. ज़िले के स्कूलों में छात्राओं के चीख-चिल्लाकर बेहोश होने के मामले रुक नहीं रहे. रैखोली के स्कूल में छात्र-छात्राओं के चीखने-चिल्लाने का मामला कुछ शांत हो ही रहा था, कि यहां दुगनाकुरी के एक इंटर कॉलेज में फिर 15 से 20 छात्राएं बदहवास होकर चीखने लगीं. ताज़ा मामला लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज में छात्राओं के बेहोश होने का है, जिससे अफरातफरी मच गई. दरअसल इस स्कूल में अगस्त के पहले हफ्ते से ही छात्राओं में इस तरह का बर्ताव देखा गया था, जो कुछ दिन के लिए थम गया था लेकिन अब इस हफ्ते ऐसा फिर होने से शिक्षक भी असमंजस में हैं कि वो क्या करें.

दुगनाकुरी इलाके में सनेती स्थित लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज में एक बार फिर छात्राएं चीखते हुए कक्षाओं से बाहर निकलकर बेहोश होने लगीं तो स्कूल प्रशासन के हाथ पांव फूल गए. स्कूल प्रबंधन ने सूचना मुख्य शिक्षा अधिकारी को दी, तो उन्होंने सीएमओ को बताया. सीएमओ ने उद्यमस्थल अस्पताल से डॉक्टरों की टीम स्कूल में भेजी. जांच हुई. फिर स्कूल में छुट्टी कर दी गई. लगातार हो रही इस तरह की परेशानी से अब अभिभावक काफी चिंतित हैं. उन्हें कुछ समझ में नहीं आ रहा है कि क्यों छात्राएं ज़ोर-ज़ोर से चीखती हैं, क्यों उनके हाथ-पांव टेढ़े होने लगते हैं? शिक्षक व स्कूल स्टाफ उन्हें पानी पिलाकर होश में लाने की कोशिश करते हैं और पूरे स्कूल में भगदड़ सा माहौल हो जाता है.

ये भी पढ़ें: बागेश्वर मास हिस्टीरिया: पैरेंट्स नाराज, गांव में अफवाहें

पूजा करने की मांग उठी, हैरान सभी हैं!

बताया जा रहा है कि बीते बुधवार को सनेती के इस स्कूल में 15 से 20 छात्राओं की हालत इस तरह बिगड़ी. प्रधानाचार्य जाकरी रावत ने आनन फानन में सीईओ गजेंद्र सोन को रिपोर्ट किया तो कुछ देर में छात्राओं का स्वास्थ्य जांचने मेडिकल टीम पहुंची. इधर, छात्राओं के अभिभावकों का कहना है कि तीन साल पहले भी ऐसी घटना हुई थी, तब सरस्वती के मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद मामला शांत हो गया था. इस बार भी पूजा किए जाने की बात कुछ लोग कर रहे हैं.

स्कूल में इतनी संख्या में छात्राओं की हालत बिगड़ने पर टीचरों ने आनन-फानन में इन छात्राओं के अभिभावकों को बुलाया और छात्राओं को घर भेज दिया. इस घटना के बाद कुछ लोग इसे मास हिस्टीरिया से जोड़ कर देख रहे हैं तो अन्य लोग छात्राओं पर भूत-प्रेत के साये की बात कर रहे हैं. आपको याद दिला दें कि बागेश्वर ज़िले के ही रैखोली में एक महीने पहले आधे दर्जन से ज़्यादा छात्राएं बुरी तरह चीखने के बाद बेहोश हुई थीं और उसके बाद दो-तीन बार और उस स्कूल में ऐसा हुआ था, तो यह मामला पूरे उत्तराखंड में र्चा में आ गया था.

Tags: Bageshwar, Students

By admin

Leave a Reply