Uttarkashi: टूटे तिलोथ पुल के गहरे गड्ढे में गिरा सांड, VIDEO में देखें कैसे हुआ रेस्क्यू और क्यों भड़क रहे लोग


रिपोर्ट – बलबीर परमार
उत्तरकाशी. ज़िला मुख्यालय से आया यह वीडियो दरअसल निर्माणाधीन तिलोथ पुल के पास का है, जहां आपस में लड़ते हुए एक सांड पुल के एबेटमेंट वाले हिस्से में जा गिरा. चारों ओर से सरियाें की खड़ी रेंलिंग को फांदते हुए सांड तिलोथ के पुल के एबेटमेंट के लिए खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में जा गिरा, तो आसपास के लोगों में खलबली सी मचती दिखी. कई लोग सांड को गड्ढे में गिरे देखने के लिए इकट्ठे हो गए और जब तक उसे इस गहरे गड्ढे से निकाला नहीं गया, तब तक भीड़ लगी रही. वीडियो में आप रेस्क्यू मुहिम तो देख सकते हैं, लेकिन ऐसा क्यों हुआ, यह हम आपको यहां बताते हैं.

बताया जा रहा है कि सरियों की चपेट में आने से सांड को काफी चोटें भी आईं. मौके पर पुल का काम कर रहे लोक निर्माण विभाग के मजदूर और जेई की सूझबूझ से सांड को रस्सी से बांधकर क्रेन मशीन की मदद से निकाला गया. इससे पहले प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, तिलोथ पुल के ऊपर सांड आपस में लड़ रहे थे. तभी भागते समय एक सांड इस गड्ढे में जा गिरा. इस घटना के बाद यहां लोगों को डर है कि ऐसे हादसे लोगों के साथ भी हो सकते हैं इसलिए लंबे समय से निर्माणाधीन तिलोथ पुल के अब तक न बनने पर अब लोग खासे नाराज़ हो रहे हैं.

9 साल में नहीं बना पुल, खतरनाक हो गई जगह

2013 की आपदा में तिलोथ पुल का एक हिस्सा बह गया था. तबसे आज तक यह पुल नहीं बन पाया. पूरे क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी है. आए-दिन जानवरों का तांता इस पुल पर लगा रहता है. यह पुल जहां एक बड़ी आबादी को जोड़ता है, वहीं सुबह शाम बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी यहां से गुजरते हैं. इसके बावजूद आज तक पुल नहीं बन पाने से स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़कने लगा है.

Tags: Uttarkashi Latest News, Viral video news

By admin

Leave a Reply