Last Updated:
Uttarakhand Board Result: प्रदेश के हर स्कूल को एक विशेष पोर्टल उपलब्ध कराया गया है. बोर्ड की तरफ से सभी स्कूलों को पहले ही लॉगिन आईडी और पासवर्ड दे दिए गए हैं. रिजल्ट घोषित होते ही स्कूलों को छात्रों की पूरी ड…और पढ़ें
उत्तराखंड बोर्ड के रिजल्ट 19 अप्रैल को घोषित होंगे.
रामनगर. उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (UBSE) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2025 के परिणामों की घोषणा की तारीख तय कर दी है. परिषद के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने जानकारी दी कि रिजल्ट 19 अप्रैल 2025 को घोषित किए जाएंगे. इस बार बोर्ड ने एक नई और अनोखी पहल की है, जिसके तहत छात्र अपने परीक्षा परिणाम न केवल उत्तराखंड बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर बल्कि पहली बार अपने-अपने स्कूल के पोर्टल पर भी देख सकेंगे.
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद कार्यालय में आयोजित परीक्षाफल समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया. यह बैठक उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सभापति की अध्यक्षता में हुई, जिसमें सर्वसम्मति से तय किया गया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के साथ-साथ परीक्षाफल सुधार परीक्षा (द्वितीय) वर्ष 2024 के परिणाम भी 19 अप्रैल को जारी किए जाएंगे.
समय पर पूरा हुआ मूल्यांकन कार्य
सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने कहा कि इस साल की बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से 11 मार्च तक शांतिपूर्वक संपन्न हुईं. पूरे प्रदेश में 1,245 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें से 165 को संवेदनशील और 5 को अति संवेदनशील घोषित किया गया था. सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई और मूल्यांकन कार्य भी समय पर पूरा कर लिया गया. इस बार कुल 2,23,403 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 1,13,690 छात्र-छात्राएं कक्षा 10वीं और 1,09,713 कक्षा 12वीं के थे. छात्र 19 अप्रैल को उत्तराखंड बोर्ड की वेबसाइट www.ubse.uk.gov.in पर अपना रिजल्ट देख सकेंगे.
स्कूल पोर्टल पर भी देख सकेंगे रिजल्ट
इस बार राज्य के प्रत्येक स्कूल को एक विशेष पोर्टल उपलब्ध कराया गया है. बोर्ड ने सभी स्कूलों को पहले ही लॉगिन आईडी और पासवर्ड दे दिए हैं. रिजल्ट जारी होते ही स्कूलों को छात्रवार विवरण मिल जाएगा, जिससे छात्र अपने विद्यालय में ही रिजल्ट देख सकेंगे. इससे छात्रों को सुविधा मिलेगी और साथ ही स्कूलों को डेटा विश्लेषण में भी मदद मिलेगी. बोर्ड ने वेबसाइट और स्कूल पोर्टलों को तकनीकी रूप से अपग्रेड किया है ताकि भारी ट्रैफिक के बावजूद कोई तकनीकी समस्या न आए.
