Last Updated:
Almora News: अल्मोड़ा के बीरशिवा स्कूल में 10 मेधावी छात्राओं को 11वीं और 12वीं की फ्री शिक्षा दी जाएगी. 10वीं के प्री-बोर्ड में 90% या अधिक अंक वाली छात्राएं 12 अप्रैल तक रजिस्ट्रेशन करा सकती हैं.
बीरशिवा स्कूल की छात्राएं.
हाइलाइट्स
- अल्मोड़ा के बीरशिवा स्कूल में 10 मेधावी छात्राओं को फ्री शिक्षा दी जाएगी.
- 10वीं के प्री-बोर्ड में 90% अंक वाली छात्राएं 12 अप्रैल तक रजिस्ट्रेशन कराएं.
- चयनित छात्राओं को फ्री बस सेवा भी मिलेगी.
अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में स्थित बीरशिवा स्कूल में केवल लड़कियों के लिए फ्री शिक्षा की सुविधा दी जा रही है. यह सुविधा कक्षा 11वीं और 12वीं की पढ़ाई के लिए है, जिसमें केवल 10 मेधावी छात्राओं को चुना जाएगा. किसी भी स्कूल में पढ़ने वाली छात्राएं, जिनके 10वीं के प्री-बोर्ड में 90% या उससे अधिक मार्क्स हैं, वे इस योजना का लाभ उठा सकती हैं. इसके लिए उन्हें बीरशिवा स्कूल में जाकर रजिस्ट्रेशन कराना होगा. चयनित छात्राओं को न केवल मुफ्त शिक्षा दी जाएगी, बल्कि जरूरत होने पर फ्री बस सेवा की सुविधा भी दी जाएगी.
20 अप्रैल को होगा एंट्रेंस एग्जाम
लोकल 18 से बातचीत में बीरशिवा स्कूल की डायरेक्टर दीपिका विल्सन ने बताया कि बीरशिवा विद्यालय ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन्स पिछले 50 सालों से शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है और निरंतर प्रगति कर रहा है. इस बार मैनेजमेंट ने “शिक्षित कन्या योजना” की शुरुआत की है, जिसे संस्थापक स्वर्गीय एन.एन.डी. भट्ट की याद में शुरू किया गया है.
इस योजना का उद्देश्य उन मेधावी छात्राओं को अवसर देना है जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं, लेकिन पढ़ाई में होशियार हैं. ऐसी छात्राएं जिनके 10वीं के प्री-बोर्ड में 90% या उससे अधिक अंक हैं, वे 12 अप्रैल तक स्कूल में रजिस्ट्रेशन करवा सकती हैं. प्रवेश परीक्षा 20 अप्रैल को होगी.
बेटियों को मिल रहा सुनहरा मौका
डायरेक्टर दीपिका विल्सन ने यह भी बताया कि स्कूल द्वारा पहली बार इस तरह की पहल की गई है. अब तक कई छात्राएं रजिस्ट्रेशन कर चुकी हैं और उनके अभिभावक भी इस पहल से काफी उत्साहित हैं. उन्हें उम्मीद है कि इस योजना के जरिए बेटियों को बेहतर शिक्षा का मौका मिलेगा.
चयनित छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ बस की फेसिलिटी भी फ्री दी जाएगी. यह योजना उन लड़कियों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी जो मेहनती हैं और पढ़ाई के जरिए अपने भविष्य को संवारना चाहती हैं.
