असर खबर का – यातायात सुधारने के लिए आखिर फिर मैदान में उतरी पुलिस

कोटा।  दैनिक नवज्योति में यातायात की अव्यवस्था को लेकर चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा सप्ताह में फौरी कार्रवाई करने संबंधी समाचार  प्रकाशन के बाद यातायात पुलिस सतर्क मोड में आ गई। खबर प्रकाशन के बाद पुलिस ने बड़ी संख्या में शनिवार को कार्रवाई की गई।  राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2024 के तहत ट्रेफिक पुलिस ने 18 दिनों के अंदर नियमों की पालना नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सर्वाधिक ऑवर स्पीड के 2136 चालान बनाए गए तथा बिना हेलमेंट, ऑवर लोडिंग, नो पार्किंग, शराब पीकर वाहन चलाने व अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर 4906  वाहन चालकों के चालान किए गए। ट्रेफिक  पुलिस उप अधीक्षक राजेश ढाका ने बताया कि पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर कोटा रेंज एवं कोटा सिटी एसपी शरद चौधरी के निर्देश पर 15 जनवरी से 14 फरवरी तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा 2024 का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान शनिवार तक 18 दिन में विभिन्न सोसायटीज, एंजेसीज व आमजन की सहभागित से यातायात जागरुक कार्यक्रम तथा प्रचार प्रसार किया है। 

 100 से अधिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटक 
टीआई पूरण सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान शहर के लगभग 100 से अधिक चौराहों, स्थानों पर नुक्कड़ नाटक, एजूकेशन मोबाइल वैन द्वारा यातायात के नियमों के संबंध में वीडियों के जरिए यातायात के नियमों के प्रति आम जन में जागरुकता लाने का प्रयास किया गया। साथ ही रैलियां और दस हजार पंपलेट वितरण किए गए। यातायात पुलिस द्वारा कोटा शहर में 50 से अधिक स्कूल व कॉलेज में जाकर करीब दस हजार से अधिक विद्यार्थियों को यातायात के नियमों की जानकारी दी गई। 

4906 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई 
टीआई ने बताया कि इस दौरान यातायात नियमों की जानकारी देने के लिए जागरुकता अभियान चलाने के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ 4906 कार्रवाई की गई। जिसमें सर्वाधिक ऑवर स्पीड के 2136 चालान किए गए। बिना हेलमेंट 251, ऑवर लोडिंग 814, नो पार्किंग 762, शराब पीकर 17 तथा अन्य प्रकार से ट्रेफिक नियम को तोड़ने पर  926 चालान किए गए। 

वाहन चालाते समय ट्रेफिक नियम की पालना करें 
टीआई पूरन सिंह ने आमजन से वाहन चलाते समय ट्रेफिक नियमों की पालना करने की अपील करते हुए कहा कि हेलमेट बोझ नहीं है, जान की सुरक्षा का कवच है। वाहन पर दो से अधिक सवारी नहीं बैठाए, चौपहिया वाहन चालक वाहन को चलाते समय सीट बैल्ट का उपयोग करें। शराब पीकर वाहन को ना चलाएं।