उत्तराखंड: अब PSC के हवाले 7000 भर्तियां, कैबिनेट के फैसले पर भड़के हरीश रावत बोले ‘कैसे करवाएगा?’
देहरादून. उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के तहत भर्तियों में घोटाला सामने आने के बाद अब इस संस्था की पांच परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं. इन्हें अब राज्य लोक सेवा आयोग करवाएगा. उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट बैठक में जो बड़े फैसले लिये गए, उनमें एक सैनिक स्कूलों के विस्तार से जुड़ा फैसला भी है. लेकिन सबसे बड़ा कदम कैबिनेट ने यही उठाया कि करीब 7000 पदों के लिए भर्तियों का ज़िम्मा अब पीएससी को सौंप दिया गया है और इन भर्तियों के लिए पीएससी जल्द ही कैलेंडर जारी करने की कवायद कर सकती है.
कैबिनेट बैठक के बाद कार्मिक विभाग से मिली जानकारी के अनुसार UKSSSC के कुछ एग्जाम हैं, जिनमें अभी विज्ञापन प्रकाशित करने की प्रक्रिया नहीं हुई है या लेकिन परीक्षा नहीं हुई है. कुछ ऐसे हैं जिनमें एग्ज़ाम हो चुका है, लेकिन रिज़ल्ट डिक्लेअर नहीं हुआ है. कैबिनेट ने अब ऐसी 5 भर्तियों को उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के हाथ में सौंपने के निर्देश जारी किए. करीब 23 संवर्गो के 7000 पदों पर इस फैसले का असर पड़ेगा. लोक सेवा आयोग जल्द ही कैलेंडर जारी करेगा ताकि जल्द से जल्द प्रक्रिया शुरू की जा सके.
कैबिनेट बैठक में अहम फैसला लेते हुए 770 पदों के लिए वाहन चालक, कर्मशाला अनुदेशक, मत्स्य निरीक्षक, मुख्य आरक्षी पुलिस दूरसंचार और पुलिस रैंकर्स की परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया है.
कैबिनेट के फैसले पर हरीश रावत ने उठाए सवाल
पूर्व सीएम और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत शुक्रवार को रामनगर पहुंचे तो कैबिनेट मीटिंग के उस फैसले पर सवाल खड़े किए, जिसमें UKSSSC की 5 भर्तियों को निरस्त कर दिया गया. रावत ने कहा कि जिन युवाओं ने मेहनत के बल पर नियुक्ति पाई, उनके साथ यह अन्याय है. अब उनके सामने ओवर ऐज भी होने की स्थिति भी खड़ी हो सकती है. सरकार को ध्यान देना चाहिए. उन्होंने विधानसभा में हुई बैकडोर भर्तियों पर भी पुराना स्टैंड कायम रखते हुए कहा कि नियुक्तियों को प्रभावित करने वाले नेताओं के खास लोगों की भर्तियां तो रद्द की ही जानी चाहिए क्योंकि इनमें नैतिकता नहीं है.
अब ओलंपिक गोल्ड जीतने पर खिलाड़ी को 2 करोड़
कैबिनेट बैठक के अलावा शुक्रवार को उत्तराखंड के खेल विभाग ने बड़ा ऐलान करते हुए खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ा दी. समाचार एजेंसी एएनआई की खबर के मुताबिक अब ओलंपिक में गोल्ड लाने पर खिलाड़ी को 2 करोड़, सिल्वर मेडल पर 1.5 व ब्राॅन्ज़ मेडल पर 1 करोड़ की राशि दी जाएगी. वहीं, वर्ल्ड चैंपियनशिप, काॅमनवेल्थ, एशियन गेम्स या नेशनल गेम्स जैसी स्पर्धाओं के विजेताओं को भी अब ज़्यादा राशि बतौर इनाम दी जाएगी.
(सुनील नवप्रभात और गोविंद पाटनी के इनपुट्स के साथ)
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Cabinet meeting, Pushkar Singh Dhami, Uttarakhand Government
FIRST PUBLISHED : September 10, 2022, 09:34 IST