जयपुर। स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने बुधवार को पढ़ाई में होनहार सरकारी थर्ड ग्रेड टीचर रोशन लाल मीणा को गिरफ्तार किया है, जिसने डमी अभ्यर्थी बनकर अपने पांच रिश्तेदार और परिचितों को सरकारी नौकरी में लगवा दिया। डमी अभ्यर्थी बनने के लिए रोशन प्रति पेपर पांच लाख रुपए लेता था। गिरफ्तार रोशन लाल ने प्रदेश में एक सब इंस्पेक्टर, उसके भाई व अन्य रिश्तेदारों के लिए एसआई, एलडीसी और पटवारी भर्ती परीक्षाओं में डमी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा दी थी। इन सभी ने सरकारी नौकरी भी हासिल कर ली है। रोशन के डमी अभ्यर्थी बनने से चयनित हुआ मनीष मीणा जयपुर में आईबी में सब इंस्पेक्टर है। इसके अलावा दिनेश मीणा और महेश मीणा दौसा में एलडीसी और खुद रोशन का भाई सागर मीणा दौसा में पटवारी है। एसओजी बाकी पांच फरार हुए आरोपितों की तलाश कर रही है। आरोपी फोटोशॉप से आधी फोटो खुद की और आधी मुख्य अभ्यर्थी की लगाकर प्रवेश पत्र तैयार करता था।
20 परीक्षाएं दे चुका है रोशन
पूछताछ में सामने आया कि रोशन हर एक से पांच लाख रुपए लेता था। उसके खाते में रुपयों का लेनदेन भी सामने आया है। रोशन मीणा खुद स्टेट लेवल की 14 परीक्षाएं और सेंट्रल लेवल की परीक्षा में बैठ चुका है। उसका चयन पूर्व में रेलवे में हेल्पर में हो चुका था।
लिखित में पास, फिजिकल में फेल
जांच में खुलासा हुआ कि रोशन 2017 से सरकारी टीचर है। अभी वह दौसा के प्यारीवास सरकारी अंग्रेजी मीडियम स्कूल में टीचर है। टीचर लगने से पूर्व वह डमी कैंडिडेट बनकर परीक्षा में बैठा था। वह वर्ष 2018 में मनीष मीणा के लिए एसआई भर्ती में डमी अभ्यर्थी बनकर बैठा था। वहीं साल 2021 में भी मनीष मीणा के भाई दीपक मीणा के लिए एसआई भर्ती परीक्षा डमी कैंडिडेट के रूप में दी, लेकिन दीपक लिखित परीक्षा में पास हो गया पर फिजिकल में फेल हो गया था।
