किसान आंदोलन मामले में केंद्र पर भडके रंधावा और डोटासरा, अन्नदाता के अपमान का लगाया आरोप

जयपुर। किसान आंदोलन मुद्दे पर किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और पीसीसी चीफ गोविन्द डोटासरा ने गुरुवार को केंद्र सरकार पर जमकर जुबानी हमला बोला।

पीसीसी में मीडिया से बात करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि आज किसानों के साथ अपने ही देश में अपराधियों जैसे व्यवहार किया जा रहा है। एमएसपी मांग को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों को रोकने के लिए कंटीले तार लगाए जा रहे हैं। पिछली बार आंदोलन में इसी मोदी सरकार ने वादा किया था, लेकिन आज तक नहीं निभाया। एनडीए सरकार ने स्वामीनाथन की रिपोर्ट में एक भी बात पर गौर नहीं किया। किसानों को महज 500 रुपए देकर उनको गुमराह कर रहे हैं। राजस्थान में कांग्रेस ने किसानों के हक में पहली प्रेस कांफ्रेंस की है। हम किसानों के हक की लड़ाई में साथ खड़े रहेंगे। हिंदुस्तान के किसानों के साथ गलत हो रहा है। एमएसपी की मांग बिल्कुल जायज है। किसानों के साथ जो व्यवहार हो रहा है वो तो पाकिस्तान और चीन बॉर्डर पर भी नही हो रहा है। उन बॉर्डर पर पहले गलत गतिविधियों को रोक कर दिखाएं। हम किसानों का मोरली ही नही, फिजिकली सपोर्ट भी करेंगे। डोटासरा और हम अपने पद से पहले किसान हैं। केंद्र सरकार देश को किस दिशा में लेकर जा रही है। कभी धर्म की बातें करते हैं तो कभी कुछ और बातें करते हैं। अन्य देशों के लोग भी इस बात को देख रहे हैं। हम किसानों के भारत बंद में सहयोग करेंगे।

चंद उद्योगपतियों के लिए 3 काले कानून लाने का समय,किसानों के लिए नहीं: डोटासरा
पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि एमएसपी पर पहले भी सरकारों ने बात की है। पिछली बार 15 महीने तक किसानों के आंदोलन में समझौता हुआ था कि इन पर लगे केस वापस लेंगे, लेकिन बहुत मुकदमे अभी तक लंबित चल रहे हैं। मनमोहन सरकार में हमने 72 हजार करोड़ रुपए माफ किये। राजस्थान सरकार ने भी किसानों का कर्ज माफ किया। केंद्र सरकार तो वादा करके भी इनकी मांग पूरी नहीं कर रही है। किसानों को वापस आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। आज किसानों के साथ बर्बरतापूर्ण कार्यवाही की जा रही है। मोदी सरकार ने 10 साल में एमएसपी पर कोई काम करके नहीं दिखाया। अब कह रहे हैं कि एमएसपी कानून बनाने में काफी समय लगेगा। हम पूछना चाहते हैं कि क्या पहले 3 काले कानून चंद उद्योगपति को फायदा देने के लिए बनाए थे। किसानों को ओछे शब्दों के जरिए फिर से अपमानित किया जा रहा है। हम किसानों के आंदोलन का समर्थन करते हैं। हमारे नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी भी कह चुके हैं कि हमारी सरकार बनते ही हम एमएसपी कानून लागू करेंगे। इलेक्टोरल बॉन्ड के सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए डोटासरा ने कहा कि हम पहले ही कह रहे थे कि यह एक बहुत बड़ा घोटाला है। इसके माध्यम से लोगों को पैसे लेने के लिए दबाया जा रहा है। मुझे शंका है कि ये अब भी सूचना देने से बचने के लिए कोई न कोई गली निकालने की कोशिश करेंगे। राजस्थान में पर्ची सरकार है। पहले ही दिन कृषि मंत्री ने कहा था कि किसान की आदत खराब है और उन्हें लोन नहीं मिलना चाहिए। हम पर किसानों की जमीन कुर्क होने के आरोप लगाते थे। सरकार के दो महीने होने के बाद भी इन्होंने कोई कदम नहीं उठाया। किसानों के लिए कोई काम नहीं किया। ये तो सिर्फ झूठी बातें करके वोटों की फसल काटने का काम करते हैं। जनता समझ चुकी है कि इनकी कथनी और करनी में अंतर है। सूर्य नमस्कार पर विरोध मामले में कहा कि ये केवल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के विवाद पैदा करते हैं। इनको जनता ने काम करने के लिए समय दिया है, लेकिन ये अपने एजेंडे पर काम करते हुए मूल मुद्दों पर बात नहीं करेंगे। उल जुलूल बयानबाजी के लिए मदन दिलावर का रिकॉर्ड बनेगा। पेपरलीक पर कड़ी कार्यवाही पर बात नहीं करके स्कूल ड्रेस जैसी बातों से काम चला रहे हैं।

By admin

Leave a Reply