'क्रीम पौडरा' ने बनाया स्टार, मिलिए टीचर रह चुके सिंगर राकेश खनवाल से
अल्मोड़ा. कुमाऊंनी इंडस्ट्री के कई ऐसे कलाकार हैं, जिनकी कहानी हर किसी को प्रेरित करती है. एक ऐसे ही कलाकार से हम आपको आज मिलवाने जा रहे हैं, जिन्होंने बीएड करने के बाद पांच साल तक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाया और उसके बाद उन्होंने कुमाऊंनी म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा. इनका नाम है राकेश खनवाल. लोकल 18 से खास बातचीत करते हुए राकेश ने बताया कि वैसे तो उन्होंने कुमाऊंनी इंडस्ट्री में साल 2007 में कदम रख लिया था, पर उस समय कुमाऊंनी इंडस्ट्री को कोई इतना नहीं जानता था, जिसके बाद उन्होंने बीएड किया और फिर स्कूल में पढ़ाने लगे. करीब पांच साल तक उन्होंने अलग-अलग स्कूलों में पढ़ाया और साल 2017 में उन्होंने दोबारा से कुमाऊंनी इंडस्ट्री में कदम रखा. आज उनके फैंस उन्हें बहुत प्यार देते हैं.
राकेश खनवाल ने बताया कि उन्होंने साल 2022 में क्रीम पौडरा गाना गाया था, जिसे लोगों ने काफी प्यार दिया. अभी यूट्यूब पर इसके 68 मिलियन से भी ज्यादा व्यूज हैं. इस गाने को उन्होंने ही लिखा था. इस गाने की कहानी बताते हुए उन्होंने कहा कि एक दिन जब वह स्टूडियो में बैठे थे, तो उन्होंने सोचा आज कई तरह के गाने मार्केट में आ चुके हैं, क्यों न पति-पत्नी के ऊपर गाना बनाया जाए. उन्होंने अपने इस गाने के जरिए पहाड़ के गांव को दिखाने की कोशिश की, जो सफल रही.
क्रीम पौडरा गाने ने बदली जिंदगी
राकेश का मानना है कि क्रीम पौडरा गाने ने ही उनकी लाइफ बदली है. जिसके बाद लोगों ने उन्हें काफी प्यार और सम्मान दिया. आज उत्तराखंड ही नहीं देश-विदेशों में भी लोग उन्हें पहचानते हैं. राकेश ने आगे कहा कि वह अपनी संस्कृति के लिए काम करना चाहते हैं. आगे भी वह इसी तरह से लोगों के बीच में अच्छे-अच्छे कुमाऊंनी गीत लेकर आएंगे और उन्हें आशा है कि जैसा लोगों ने अभी प्यार दिया है, आगे भी उसी तरह से प्यार और अपना आशीर्वाद प्रदान करेंगे.
Tags: Almora News, Kumaon news, Local18, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : September 16, 2024, 17:40 IST